
सिंगरौली । विद्यालय से लगातार अनुपस्थित रहने के बावजूद मोबाइल में रिकॉर्ड किए गए वीडियो के सहारे ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराना अतिथि शिक्षक को महंगा पड़ गया।
जिला शिक्षा अधिकारी कविता त्रिपाठी ने शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय बम्हनी, संकुल केंद्र बरका में पदस्थ अतिथि शिक्षक वर्ग-2 गणित स्केश कुमार यादव को शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए अतिथि शिक्षकीय कार्य से पृथक करते हुए ब्लैकलिस्ट कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद वह सत्र में किसी भी शासकीय अथवा अशासकीय संस्था में अध्यापन कार्य नहीं कर सकेंगे। डीईओ को शिकायत मिली थी कि स्केश कुमार यादव विद्यालय नहीं आते, लेकिन हमारे शिक्षक एप के माध्यम से फर्जी तरीके से उपस्थिति दर्ज कर रहे हैं। शिकायत में बताया गया कि 22 से 24 अक्टूबर तक उन्होंने कर्मचारी उपस्थिति पंजी में हस्ताक्षर भी नहीं किए। मामले की जांच के लिए डीईओ ने 24 अक्टूबर को वीडियो कॉलिंग के जरिए विद्यालय और अतिथि शिक्षक उपस्थिति पंजी का निरीक्षण किया। इसमें यादव तीनों दिन अनुपस्थित पाए गए। वहीं एजुकेशन पोर्टल पर इसी अवधि में उनकी ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज मिली।
नोटिस का गोलमाल दिया जवाब
जिला शिक्षा कार्यालय के द्वारा 24 अक्टूबर को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब मांगा गया। यादव ने 27 अक्टूबर को प्रस्तुत जवाब में स्वीकार किया कि वह विद्यालय में भौतिक रूप से उपस्थित नहीं थे, फिर भी एप पर उपस्थिति दर्ज की थी। उनके मौखिक कथन और जवाब से यह भी स्पष्ट हुआ कि विद्यालय में पदस्थ अतिथि शिक्षक जीतेन्द्र सिंह की मदद से पहले से रिकॉर्ड किए गए वीडियो के माध्यम से उपस्थिति दर्ज कराई गई थी। डीईओ ने आज 2 नवंबर जारी कर तत्काल प्रभाव से यादव को ब्लैकलिस्ट कर दिया।
