
खंडवा। कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सोमवार को आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री ऐश्वर्या वर्मा, अपर कलेक्टर सुश्री श्रद्धा शुक्ला, अपर कलेक्टर श्री अरविंद चौहान और श्री क्षितिज शर्मा, पुनासा एसडीएम श्री पंकज वर्मा सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी मौजूद थे। बैठक में कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि जिले के सभी बच्चों की आपार आईडी बनाई जाए। उन्होंने कहा कि इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि कोई भी बच्चा अपार आईडी से छूट न जाए और शत-प्रतिशत बच्चों का पंजीयन सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में कलेक्टर श्री गुप्ता ने महिला एवं बाल विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि जिले में जितने भी कुपोषित बच्चे चिन्हित हैं, उन्हें नजदीकी पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती कराया जाए, ताकि उनका समय पर उपचार और पोषण प्रबंधन हो सके। कलेक्टर श्री गुप्ता ने बैठक में सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्र में स्वामित्व योजना के कार्यों में प्रगति लाएं। ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सहायकों की मदद लेकर पटवारी जल्द काम पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि स्वामित्व योजना के लिए पोर्टल सुबह और शाम के समय अच्छे से चलता है, इसलिए सुबह शाम के समय एंट्री करें, ताकि जल्द ही कार्य पूर्ण हो सके। बैठक में कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता ने सभी जनपद सीईओ को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्र में बोरी बंधान बनाकर नदी नालों में बहते जल को रोकें, जिससे भू-जल स्तर में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि इस कार्य में स्थानीय ग्रामीणों को भी जोड़ें। उन्होंने कहा कि अभी बोरी बंधान करने का सही समय है। बैठक में निर्माण एजेंसी को निर्देश दिए कि जिले में जितने भी स्वीकृत निर्माण कार्य है, उन्हें समय पर प्रारंभ करे और कार्य को पूर्ण करें।
उन्होंने कहा कि जिले में सडक़ मरम्मत एवं ब्रिज के निर्माण कार्य चल रहे हैं, उन्हें गुणवत्तापूर्ण तरीके से जल्द पूरा करें, जिससे क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिल सके। बैठक में कलेक्टर श्री गुप्ता ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण करें और शिकायतों को संतुष्टिपूर्ण तरीके से बंद कराएं।
