विकास और सौंदर्य के संगम से बदल रहा जबलपुर का स्वरूप

जबलपुर: संस्कारधानी अब एक नए स्वरूप में बदल रही है। नगर निगम के विजन के साथ शहर के सौंदर्यीकरण और बुनियादी ढांचे के विकास कार्यों में अभूतपूर्व तेजी आई है। महापौर जगत बहादुर सिंह ‘‘अन्नू’’ एवं निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देशानुसार सड़कों के चौड़ीकरण से लेकर चौराहों के कायाकल्प तक, जबलपुर अब आधुनिकता और परंपरा का एक अनूठा संगम नजर आ रहा है।
प्रमुख चौराहों पर रंग-बिरंगी फुहारें
निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने बताया कि वायु गुणवत्ता में व्यापक सुधार लाने शहर के व्यस्ततम इलाकों जैसे छोटी लाइन, तीन पत्ती और सिविल लाइन चौराहे पर लगाए गए अत्याधुनिक और रंग-बिरंगे फाउंटेन लगाये गए हैं जो आकर्षण का मुख्य केंद्र बने हुए हैं। शाम ढलते ही ये चौराहे न केवल रोशनी से जगमगा रहे हैं, बल्कि राहगीरों को एक सुकून भरा अनुभव भी दे रहे हैं। नगर निगम का लक्ष्य इन प्रमुख स्थलों को ’सेल्फी पॉइंट’ और पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना है।
डुमना मार्ग बनेगा शहर का ’शो-केस’
डुमना एयरपोर्ट से शहर की ओर आने वाले मार्ग को विशेष रूप से सजाया जा रहा है। बाहर से आने वाले मेहमानों और पर्यटकों को एयरपोर्ट से निकलते ही संस्कारधानी की सांस्कृतिक झलक और हरियाली दिखाई देगी। मार्ग के दोनों ओर बेहतर लाइटिंग, लैंडस्केपिंग और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, और बड़े पैमाने पर सौन्दर्यीकरण के क्षेत्र में कार्य कराये जा रहे हैं।
स्वच्छता और जन-सुविधाओं पर शहर में चौतरफा कार्य
शहर को स्वच्छ सर्वेक्षण में शीर्ष पर लाने के लिए नगर निगम और संबंधित विभाग मुस्तैदी से जुटे हैं। विकास का यह पहिया केवल सुंदरता तक सीमित नहीं है बल्कि पार्कों का जीर्णोद्धार और नए ग्रीन बेल्ट का निर्माण, प्रमुख मार्गों पर स्मार्ट लाइटिंग और एलईडी लाईट का विस्तार संबंधी कार्य भी कराये जा रहे हैं। इन कार्यो में लोककर्म, उद्यान, प्रकाश, स्वास्थ्य, और अन्य विभागों के अधिकारी कर्मचारी भी दिन-रात लगे हुए हैं।

Next Post

55 बकायादारों के विरूद्ध कुर्की की कार्रवाई, 11 नल कनेक्शन काटे

Fri Mar 20 , 2026
जबलपुर: निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देश पर नगर निगम द्वारा संभागवार एवं वार्डवार वसूली अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत जिन करदाताओं के द्वारा बार-बार सूचना देने के बाद भी बकाया करों की राशि जमा नहीं की जा रही है, उन सभी करदाताओं के विरूद्ध कुर्की, नल […]

You May Like

मनोरंजन