पुणे में 21,800 करोड़ की मेट्रो परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे मोदी

नयी दिल्ली, 02 अक्टूबर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को पुणे में करीब 21,800 करोड़ रुपये की मेट्रो परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोमवार को बताया कि श्री मोदी दोपहर में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पुणे मेट्रो की पिंक लाइन का उद्घाटन करेंगे और मेट्रो के दूसरे चरण की चार नयी लाइनों की आधारशिला रखेंगे। इस मौके पर वह सभा को भी संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री 8,300 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनी पुणे मेट्रो की लाइन-तीन यानी पिंक लाइन का उद्घाटन करेंगे। करीब 23 किलोमीटर लंबी यह लाइन मान से डिस्ट्रिक्ट कोर्ट मेट्रो स्टेशन तक जायेगी। इससे हिंजेवाड़ी आईटी हब और शिवाजीनगर के बीच मेट्रो सेवा शुरू होगी। इससे आईटी क्षेत्र में काम करने वाले लोगों सहित हजारों यात्रियों को आने-जाने में सुविधा मिलेगी। यह लाइन मौजूदा मेट्रो नेटवर्क से भी जुड़ेगी।

इस लाइन की खास बात यह है कि इसका संचालन पूरी तरह महिला ट्रेन ऑपरेटर करेंगी। इसे महिला सशक्तिकरण और सार्वजनिक परिवहन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में खास पहल बताया गया है। इसके अलावा, लाइन की करीब 30 प्रतिशत बिजली की जरूरत सौर ऊर्जा से पूरी करने की योजना है। प्रधानमंत्री पुणे मेट्रो के दूसरे चरण की भी आधारशिला रखेंगे। इस पर करीब 13,500 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसमें लाइन 2ए, 2बी, 4 और 4ए शामिल हैं। इन नई लाइनों से शहर के प्रमुख आवासीय, व्यावसायिक और आईटी क्षेत्रों तक मेट्रो की पहुंच बढ़ेगी।
दूसरे चरण में लाइन 2ए वनाज से चांदनी चौक तक और लाइन 2बी रामवाड़ी से विठ्ठलवाड़ी तक जायेगी।

इन दोनों लाइनों की कुल लंबाई करीब 12.75 किलोमीटर होगी। वहीं, करीब 25.52 किलोमीटर लंबी लाइन-4 खराड़ी से खडकवासला को जोड़ेगी। लाइन-4ए की लंबाई 6.12 किलोमीटर होगी और यह नाल स्टॉप से माणिक बाग तक जायेगी।
नयी मेट्रो लाइनों से खराड़ी, मगरपट्टा, हड़पसर, स्वारगेट, माणिक बाग, नांदेड़ सिटी, पुणे कैंटोनमेंट और वारजे जैसे प्रमुख इलाकों को फायदा होगा। रामवाड़ी से विठ्ठलवाड़ी तक मेट्रो विस्तार से खराड़ी और वाघोली के आवासीय, व्यावसायिक और आईटी क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। नयी मेट्रो लाइनों को मौजूदा पुणे मेट्रो नेटवर्क और दूसरे शहरों के लिए चलने वाली बस सेवाओं से भी जोड़ा जायेगा। इसके लिए स्वारगेट, नाल स्टॉप और खराड़ी बाईपास पर इंटरचेंज की सुविधा दी जायेगी। इन परियोजनाओं से शहर में सार्वजनिक परिवहन मजबूत होगा और यात्रियों को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचने के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी।

.....

Next Post

खरगे और राहुल ने मणिपुर कांग्रेस नेताओं के साथ की बैठक

Mon Nov 2 , 2026
नयी दिल्ली, 02 नवंबर (वार्ता) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को यहां मणिपुर के पार्टी प्रभारी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और कांग्रेस विधायक दल के नेता के साथ बैठक कर राज्य में अगले वर्ष के शुरू में होने वाले विधानसभा चुनाव के बारे […]

You May Like