बालाघाट:मध्यप्रदेश राज्य सहकारी बैंक मर्यादित, भोपाल के प्रशासक श्री महेन्द्र सिंह यादव ने 1 नवंबर 2026 को जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, बालाघाट के मुख्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित कर बैंक की कार्यप्रणाली, व्यवस्थाओं एवं सहकारिता से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की। इस अवसर पर पूर्व मंत्री श्री रामकिशोर कावरे, श्री अभय सेठिया, श्री विनोद नाहटा, उपायुक्त सहकारिता श्री राजेश उइके, मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिनव सिंह बघेल, प्रबंधक लेखा श्री पी. जोशी तथा शाखा प्रबंधक श्री आशीष मिश्रा उपस्थित रहे।
समीक्षा बैठक में श्री यादव ने कहा कि प्रदेश स्तर पर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, बालाघाट की छवि उत्कृष्ट है। उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष में बैंक की अंशपूंजी में 2.18 करोड़ रुपये की वृद्धि हुई है, जो बैंक की कार्यक्षमता को दर्शाती है। बैंक के कुल विनियोजन में महत्वपूर्ण वृद्धि हुई है तथा विनियोजन में 153.48 करोड़ रुपये की वृद्धि दर्ज की गई है। इसी प्रकार, कृषि एवं अन्य ऋणों में उल्लेखनीय विस्तार करते हुए ऋण एवं अग्रिम में 56.73 करोड़ रुपये की वृद्धि हुई है। उन्होंने बताया कि बैंक विगत पांच वर्षों से वैधानिक अंकेक्षण में लगातार ‘अ’ वर्ग की श्रेणी में बना हुआ है। बालाघाट बैंक ने नाबार्ड से 10.05 करोड़ रुपये का मध्यमकालीन ऋण पुनर्वित्त के माध्यम से प्राप्त किया है। इसके साथ ही बैंक संचित लाभ की स्थिति में भी है।
श्री यादव ने कहा कि अटल पेंशन योजना में बैंक को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। प्रधानमंत्री अन्न भंडारण योजना के अंतर्गत परसवाड़ा समिति में 500 मीट्रिक टन क्षमता के गोदाम का निर्माण किया गया है। इसके अतिरिक्त, बालाघाट बैंक द्वारा मध्यमकालीन ऋण के माध्यम से जिले के किसानों को कृषि यंत्रों की खरीद, पशुपालन के लिए पशुओं की खरीद, शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर फसल ऋण, मत्स्य पालन केसीसी तथा पशुपालन केसीसी जैसी सुविधाएं लगातार उपलब्ध कराई जा रही हैं।
12 बी-पैक्स समितियों में कृषि उत्पादों की बिक्री शुरू
बैंक की प्रगति पर चर्चा करते हुए श्री यादव ने कहा कि किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले कीटनाशक, उर्वरक एवं कृषि उत्पाद उपलब्ध कराने की व्यवस्था जिले की 12 बी-पैक्स समितियों में शुरू की गई है। इससे समितियां आत्मनिर्भर बन रही हैं और उनके लाभांश में निरंतर वृद्धि हो रही है। इसके साथ ही जिले में समितियों के माध्यम से धर्मकांटा, प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र तथा कॉमन सर्विस सेंटर का बेहतर संचालन किया जा रहा है।
बैंक की विभिन्न योजनाओं एवं लक्ष्यों की समीक्षा
समीक्षा बैठक में अपेक्स बैंक के प्रशासक श्री यादव ने अल्पकालीन कृषि ऋण वितरण, अमानत वृद्धि एवं लक्ष्य पूर्ति, कृषि ऋणों की मांग एवं वसूली, एनपीए एवं जोखिम, सदस्यता वृद्धि, ऑनलाइन केसीसी, नए बचत खाते खोलने के लक्ष्य की पूर्ति, खाद भंडारण एवं वितरण, उपार्जन पोर्टल में ऋण प्रविष्टि तथा समितियों में व्यवसाय विविधीकरण की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
बैठक के दौरान श्री यादव ने शाखा प्रबंधक बैहर श्री दीनदयाल ठाकरे एवं शाखा प्रबंधक बिरसा श्री दिलीप रामटेके से उनके कार्यक्षेत्र में ऋण वितरण, समितियों की स्थिति तथा नई समितियों के गठन की प्रगति के संबंध में जानकारी ली। दोनों शाखा प्रबंधकों ने उन्हें आवश्यक जानकारी से अवगत कराया। श्री यादव ने कहा कि बैंक की शाखाओं एवं समितियों के कर्मचारी जमीनी स्तर पर पहुंचकर अधिक से अधिक हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए सार्थक पहल करें, ताकि पात्र हितग्राही योजनाओं के लाभ से वंचित न रहें।
समीक्षा बैठक में श्री प्रकाश साहू, श्री सुनील राहंगडाले, श्री मोरेश्वर फुण्डे, श्री सुभाष राहंगडाले, श्री अनिरुद्ध वागदे, श्री दीपक देशमुख, श्री जय कुमार नंदनवार, श्री आर.आर. भूरे, श्री मुकेश ठाकरे, श्रीमती लता गौतम, श्री सारंग बिसेन, श्री रौनक चौकसे एवं श्री अमरेश सिंह परिहार सहित पर्यवेक्षकगण उपस्थित रहे।
