सीहोर। एटीएम से रुपए निकालने गए एक व्यक्ति को मदद के बहाने ठग ने अपना शिकार बना लिया. आरोपी ने एटीएम कार्ड बदलकर खाते से 80 हजार रुपए निकाल लिए. पीडि़त ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
जानकारी के अनुसार इंदौर नाका निवासी पूरनसिंह मालवीय शनिवार को पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम पर रुपए निकालने पहुंचे थे. मशीन में कार्ड लगाने के बाद जब रुपए नहीं निकले तो इसी दौरान पीले रंग की शर्ट पहने और कैप लगाए एक युवक वहां पहुंचा. उसने मदद करने का भरोसा दिलाते हुए एटीएम से रुपए निकालने की बात कही. इसके बाद युवक ने खाते में रुपए नहीं होने की बात कहकर पीडि़त को भ्रमित किया और जाते समय उसका एटीएम कार्ड बदलकर ले गया. आरोपी ने पीडि़त का एटीएम पासवर्ड भी देख लिया था.
कुछ देर बाद पीडि़त के मोबाइल पर खाते से रुपए निकलने के मैसेज आने लगे. आरोपी ने पीओएस मशीन के माध्यम से 25 हजार और 35 हजार रुपए के दो ट्रांजेक्शन किए. इसके अलावा पेट्रोल पंप स्थित एटीएम से 10-10 हजार रुपए दो बार निकाले. इस तरह खाते से कुल 80 हजार रुपए निकाल लिए गए. पीडि़त ने कोतवाली पुलिस को आवेदन देकर आरोपी के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई करने तथा खाते से निकाली गई राशि वापस दिलाने की मांग की है.
