
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत आर्थिक क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। दुनिया में चल रहे आर्थिक युद्ध के बीच भारत ने स्वदेशी का बिगुल फूंका है और स्वदेशी ब्रह्मास्त्र के साथ आत्मनिर्भरता की दिशा में अग्रसर है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शुक्रवार को मोतीलाल विज्ञान आदर्श महाविद्यालय में स्वदेशी जागरण मंच द्वारा आयोजित स्वदेशी मेले का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया तथा प्रभु श्रीराम की प्रतिमा का लोकार्पण किया।
उन्होंने कहा कि स्वदेशी का अर्थ दुनिया से अलग होना नहीं, बल्कि अपने देश में निर्मित वस्तुओं को प्राथमिकता देना है। स्वदेशी आंदोलन ने स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी और आज यह आर्थिक स्वतंत्रता का प्रतीक बन चुका है। मुख्यमंत्री ने लघु उद्यमियों के स्टॉल्स का अवलोकन किया और कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के विजन को मध्यप्रदेश सरकार ने मिशन बनाया है, जिससे भारत की आर्थिक शक्ति और स्वाभिमान दोनों सशक्त हो रहे हैं।
