इंदौर: जयपुर-दौंड एक्सप्रेस में यात्रियों के सामान पर हाथ साफ करने वाले एक आदतन चोर को जीआरपी व आरपीएफ की संयुक्त टीम ने दबोच लिया. आरोपी से करीब डेढ़ लाख रुपए का माल जब्त किया है.29 अगस्त को जयपुर-दौंड एक्सप्रेस के स्लीपर कोचों से चोरी की तीन वारदातें दर्ज हुई थीं. यात्रियों की शिकायत पर जीआरपी रतलाम थाने में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रेल इंदौर संतोष कोरी के निर्देश पर एएसपी मनीषा पाठक सोनी और डीएसपी ज्योति शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मोतीराम चौधरी के नेतृत्व में संयुक्त टीम बनाई गई. तकनीकी विश्लेषण व मुखबिर की सूचना पर सउनि नौशाद खान की टीम ने रतलाम स्टेशन परिसर में घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया.
पकड़े गए आरोपी की पहचान आसिफ खान पिता आमिन खान निवासी रामगंजमंडी के रूप में हुई. पूछताछ में उसने रामगंजमंडी से रतलाम के बीच चलने वाली ट्रेनों के स्लीपर कोचों में चोरी की वारदातें कबूल कीं. आरोपी से पुलिस ने चोरी गया माल एप्पल का आईफोन-12, डेल लैपटॉप, हार्ड ड्राइव, फास्ट्रैक घड़ी, कपड़े, रेडमी मोबाइल, इनफिनिक्स मोबाइल, सैमसंग मोबाइल समेत 1.50 लाख रुपए कीमत का सामान बरामद किया है.
