विकास की तस्वीर बेहतर, गंदगी के दाग बरकरार

सीहोर। नगर के 35 वार्डों में से अधिकांश पर भाजपा का कब्जा होने के बावजूद वार्ड क्रमांक 10 ऐसा क्षेत्र रहा है, जहां कांग्रेस ने लगातार अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखी है. बीते दो नगरपालिका चुनावों में भाजपा इस वार्ड में कांग्रेस के अभेद किले को भेदने में नाकाम रही. वर्ष 2022 के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी श्रीमती नमिता राठौर ने शानदार जीत दर्ज कर पार्षद का दायित्व संभाला. इसी कार्यकाल में उन्हें दो बार नगरपालिका अध्यक्ष बनने का अवसर भी मिला. वहीं, पिछले चुनाव में उनके पति विवेक राठौर ने इस वार्ड से जीत हासिल की. वर्तमान में विवेक राठौर नगरपालिका में नेता प्रतिपक्ष की भूमिका निभा रहे हैं. सत्ता पक्ष के सामने विपक्ष की आवाज बुलंद करने के साथ ही उन्होंने वार्ड के विकास कार्यों पर भी ध्यान दिया है.

नगरपालिका का वार्ड क्रमांक 10 निम्न और मध्यमवर्गीय परिवारों की बड़ी आबादी वाला क्षेत्र है. इसमें शिवाजी कॉलोनी, सुदामा नगर, रानी मोहल्ला, फकीर मोहल्ला, कब्रस्तान रोड, गंज बजरिया और पुराना बस स्टैंड का बड़ा हिस्सा शामिल है. घनी आबादी और पुराने रहवासी क्षेत्रों के बावजूद वार्ड में बुनियादी सुविधाओं की स्थिति कई अन्य वार्डों की तुलना में बेहतर नजर आती है. अधिकांश सड़कों का पक्कीकरण हो चुका है, नालियों का निर्माण हुआ है और कचरा गाडिय़ों का नियमित पहुंचना भी लोगों को राहत दे रहा है.

पार्षद विवेक राठौर के नियमित वार्ड भ्रमण और स्थानीय समस्याओं की निगरानी का असर भी दिखाई देता है. यही वजह है कि वार्ड में फिलहाल ऐसी कोई बड़ी समस्या सामने नहीं आती, जिसे लेकर रहवासियों को लगातार परेशान होना पड़ रहा हो. साफ-सफाई और बुनियादी सुविधाओं के मामले में वार्ड ने अपेक्षाकृत बेहतर स्थिति बनाई है.

हालांकि वार्ड की तस्वीर पूरी तरह बेदाग भी नहीं है. कई स्थानों पर कचरे के ढेर और नालियों में जमा गंदगी नगरपालिका की सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है. नियमित कचरा वाहन आने के बावजूद कुछ जगहों पर कचरे का एकत्रित होना बताता है कि केवल वाहन भेजना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि सफाई के बाद उसकी मॉनिटरिंग भी जरूरी है. पुरानी बस्तियों और संकरी गलियों में नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से गंदगी और बदबू की समस्या पैदा हो सकती है. ऐसे स्थानों पर विशेष सफाई अभियान चलाने की जरूरत है.

इसके अलावा वार्ड की घनी आबादी को देखते हुए नालियों की सफाई, कचरे के समय पर उठाव और सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त रखने पर भी लगातार ध्यान देना होगा. बेहतर स्थिति को बनाए रखना भी विकास कार्य कराने जितना ही जरूरी है.

सुदामा नगर निवासी ऋतु राठौर का कहना है कि वार्ड में स्ट्रीट लाइट की कमी के चलते शाम को अंधेरा बना रहता है. कचरा गाड़ी जिस दिन नहीं आती कचरा सड़क पर पड़ा रहा रहता है. नल जरूर नियमित चलते हैं.

रानी मोहल्ला निवासी पूना बाई कुशवाह का कहना है कि दस साल में वार्ड में अच्छा काम हुआ है. घर के सामने सड़क बन जाने की वजह से अब बारिश में गंदा पानी जमा नहीं होता. सफाई पर और ध्यान देने की जरुरत है.

साहिल शाह का कहना है कि फकीर मोहल्ले की स्थिति अब काफी अच्छी हो गई है. हालांकि शरारती तत्व खंबों पर लगी लाईट फोड़ देते हैं जिससे अंधेरा रहता है. नलों से पानी तो आता है लेकिन मटमैला.

पार्षद विवेक राठौर का कहना है कि उनके द्वारा वार्ड में पर्याप्त विकास कार्य कराए गए हैं. सभी सड़कें व गलियां सीसी बनी हैं. नालियों का भी निर्माण किया गया है. वार्ड की सफाई व्यवस्था पर भी लगातार नजर रखी जाती है.

 

 

Next Post

राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में मध्यप्रदेश पुलिस ने दिखाया अनुशासन

Mon Nov 2 , 2026
विशेष संवाददाता भोपाल। गुजरात के एकता नगर में 31 अक्टूबर 2026 को आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में मध्यप्रदेश पुलिस ने अनुशासन, समन्वय और व्यावसायिक दक्षता का शानदार प्रदर्शन किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति में आयोजित इस राष्ट्रीय समारोह में प्रदेश की ओर से हॉक फोर्स, सातवीं वाहिनी का […]

You May Like