इंदौर: मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह ने शनिवार को खरगोन जिले के निमरानी औद्योगिक क्षेत्र का दौरा कर बिजली आपूर्ति व्यवस्था और औद्योगिक इकाइयों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने उद्योग संचालकों से मुलाकात कर बिजली आपूर्ति, उत्पादन और शासन की ओर से मिलने वाली रियायतों को लेकर चर्चा की.
निरीक्षण के दौरान सिंह ने क्षेत्र में बिजली व्यवस्था की तकनीकी स्थिति की जानकारी अधिकारियों से ली. उन्होंने अति उच्च दाब और उच्च दाब लाइनों, सब स्टेशनों तथा निम्न दाब लाइनों की स्थिति की समीक्षा की. इसके साथ ही औद्योगिक इकाइयों में पहुंचकर वहां की उत्पादन गतिविधियों और बिजली की जरूरतों को समझा. संवाद कार्यक्रम में श्रीवरद इंडस्ट्रीज के प्रवीण गुप्ता, मार्डन डेयरी के विकास ठाकुर, डेस्टरोज के श्री यादव, कोरोमंडल फर्टिलाइजर के दीपक कुमरावत, फ्र्ूट्स खाद्य प्रसंस्करण इकाई के अखिलेश पाटीदार, उत्तम इंडस्ट्रीज के श्री यादव, पीडीपीएल इंडस्ट्रीज के श्री गोस्वामी और अडानी इकाई के श्री स्वरूप मौजूद रहे.
एमडी ने श्रीवरद इंडस्ट्रीज और मराल इंडस्ट्रीज का विस्तृत निरीक्षण भी किया तथा संचालकों और कर्मचारियों से चर्चा की. इस दौरान कंपनी के अतिरिक्त मुख्य महाप्रबंधक संजय मालवीय, खरगोन अधीक्षण अभियंता जेपी ठाकुर और मंडलेश्वर कार्यपालन अभियंता आमेर कुरैशी भी उपस्थित रहे. गर्ग ने बताया कि शहर में 33/11 केवी ग्रिडों, ट्रांसफार्मरों और कंडक्टरों की क्षमता बढ़ाने के कार्य लगातार किए जा रहे हैं. इन कार्यों का उद्देश्य बढ़ती बिजली मांग के अनुरूप आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाए रखना और उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराना है.
