
मंदसौर। मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को उत्कृष्ट विद्यालय परिसर स्थित सभागार में जिला स्तरीय समारोह आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि सुवासरा विधायक हरदीप सिंह डंग ने कहा कि मध्यप्रदेश की धरती देवों, संतों, महापुरुषों और बलिदानियों की भूमि है। सम्राट विक्रमादित्य, राजा भोज और चंद्रशेखर आजाद जैसी विभूतियों से प्रदेश का गौरवशाली इतिहास जुड़ा है। यहां मां नर्मदा बहती हैं और भगवान महाकाल विराजमान हैं। हम सौभाग्यशाली हैं कि हमारा जन्म मध्यप्रदेश की धरती पर हुआ।
विधायक डंग ने कहा कि प्रदेश को और समृद्ध बनाने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा। पर्यावरण संरक्षण, औद्योगिक विकास, उन्नत खेती और आमजन की खुशहाली को प्राथमिकता देते हुए यह सुनिश्चित करना होगा कि गरीबों और किसानों को अपने काम के लिए भटकना नहीं पड़े।
जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा विजय पाटीदार ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश अधोसंरचना, उद्योग, निवेश, महिला सशक्तिकरण और कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने मंदसौर जिले के ऐतिहासिक महत्व और सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान का भी उल्लेख किया। नगर पालिका अध्यक्ष रमादेवी गुर्जर ने मध्यप्रदेश को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल बताया। पूर्व विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया ने कहा कि सड़क, मेडिकल कॉलेज, औद्योगिक विकास और कृषि के क्षेत्र में मंदसौर जिले ने उल्लेखनीय प्रगति की है।
विद्यार्थियों व किसान कल्याण पर्व के विजेताओं का सम्मान
समारोह में स्कूली विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत चयनित काव्य शर्मा को एक लाख रुपए का चेक एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया। पेंटाथलान नेशनल चैंपियनशिप में पदक जीतने पर आरव बाफना को सम्मानित किया गया।
किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व क्विज-2026 के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया। ग्राम जग्गाखेड़ी के खुमान सिंह को ट्रैक्टर के लिए 7.26 लाख रुपए, ग्राम सोनगरा के अर्जुन पाटीदार को बुलेट मोटरसाइकिल के लिए 1.68 लाख रुपए तथा ग्राम चिकन्या की पूजा शर्मा को इलेक्ट्रिक स्कूटी के लिए 1.20 लाख रुपए के चेक प्रदान किए गए। स्वामित्व योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को निशुल्क रजिस्ट्री भी प्रदान की गई।
समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा विजय पाटीदार, नगर पालिका अध्यक्ष रमादेवी गुर्जर, उपाध्यक्ष नम्रता प्रीतेश चावला, पूर्व विधायक सिसोदिया, कलेक्टर दिव्यांक सिंह, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, किसान और नागरिक उपस्थित रहे।
विकास प्रदर्शनी भी लगाई
स्थापना दिवस पर जिला प्रशासन एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा विकास प्रदर्शनी आयोजित की गई। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में संचालित विकास कार्यों, शासकीय योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी प्रदर्शित की गई। कार्यक्रम का संचालन सुदीप दास ने किया।
