
इंदौर. स्कीम-78 स्थित अटल खेल परिसर में शनिवार शाम व्यायाम करने पहुंचे 15 वर्षीय कनिष्क बोयत की अचानक तबीयत बिगड़ गई. वॉर्मअप शुरू करने के करीब पांच मिनट बाद वह खड़े-खड़े बेहोश होकर गिर पड़ा. बड़े भाई और वहां मौजूद खिलाड़ियों ने सीपीआर देकर उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
कनिष्क रोज की तरह शाम करीब 6 बजे बड़े भाई दिव्यांश और एक दोस्त के साथ खेल परिसर पहुंचा था. परिजनों ने बताया कि गिरने से उसे चोट भी आई थी. उन्होंने तुरंत जूते उतारकर सीपीआर देना शुरू किया. आसपास मौजूद खिलाड़ियों ने भी मदद की, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ. इसके बाद परिवार उसे कार से लाइफ केयर हॉस्पिटल ले गया, एम्बुलेंस नहीं बुलाई थी. दिव्यांश ने बताया कि डॉक्टरों ने कनिष्क को आईसीयू में भर्ती कर बचाने की कोशिश की, लेकिन बताया कि उसकी हालत बिगड़ने के कुछ ही सेकंड में मौत हो गई थी. परिजनों का कहना है, डॉक्टरों ने हार्ट संबंधी समस्या को मौत की वजह बताया है.