
नयी दिल्ली, 01 नवंबर (वार्ता) घरेलू बाजार में वाहनों की बिक्री में पिछले एक साल से अधिक समय से जारी तेजी अक्टूबर में भी बरकरार रही और मारुति सुजुकी इंडिया ने मासिक बिक्री का नया रिकॉर्ड कायम किया। देश की सबसे बड़ी यात्री वाहन निर्माता मारुति सुजुकी की 2,16,789 इकाई दर्ज की गई। साथ ही निर्यात समेत कुल बिक्री 2,76,120 इकाई रही। दोनों ही नया मासिक रिकॉर्ड है। पिछले साल अक्टूबर के मुकाबले इनमें क्रमशः 20 प्रतिशत और 25 प्रतिशत की जोरदार वृद्धि दर्ज की गई है।
देश की दूसरी सबसे बड़ी यात्री वाहन कंपनी टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स की घरेलू बिक्री 21 प्रतिशत और निर्यात 852 प्रतिशत बढ़कर क्रमशः 73,894 इकाई और 1,532 इकाई पर पहुंच गया। इस प्रकार यात्री वाहनों की उसकी कुल बिक्री 75,426 इकाई रही जो एक साल पहले की तुलना में 23 प्रतिशत अधिक है। साथ ही निर्यात समेत इलेक्ट्रिक वाहनों की कुल बिक्री 75 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 16,244 इकाई रही।
रेनो इंडिया की बिक्री साल-दर-साल 35 प्रतिशत बढ़कर अक्टूबर में 4,577 इकाई हो गई। इस साल जनवरी से अक्टूबर तक कंपनी ने 39,955 वाहन बेचे हैं जो पिछले साल की इसी अवधि से 31 प्रतिशत और साल 2025 के पूरे 12 महीने से करीब पांच प्रतिशत अधिक है।
हुंडई मोटर इंडिया ने भी मासिक बिक्री का नया रिकॉर्ड बनाते हुए घरेलू बाजार में 62,799 और विदेशों में 19,500 यात्री वाहन बेचे। इनमें क्रमशः 16.7 फीसदी और 21.1 फीसदी की सालाना वृद्धि देखी गई। कुल बिक्री 17.7 प्रतिशत बढ़कर 82,299 इकाई रही जो अब तक उसका सबसे अच्छा मासिक प्रदर्शन है।
महिंद्रा एंड महिंद्रा की यात्री वाहनों की घरेलू बिक्री दो प्रतिशत बढ़कर 73,338 इकाई पर और निर्यात समेत कुल बिक्री 74,904 इकाई पर रही। अक्टूबर में उसने 33,037 इकाई वाणिज्यिक वाहन भी बेचे। इसमें चार फीसदी की वृद्धि रही।
वाणिज्यिक वाहनों के खंड में टाटा मोटर्स की बिक्री सालाना 27 प्रतिशत बढ़कर 47,652 इकाई रही। यह एक साल पहले अक्टूबर में 37,530 इकाई थी। इसमें घरेलू बाजार में उसने 39,784 वाणिज्यिक वाहन और अंतरराष्ट्रीय बाजार में 7,868 वाणिज्यिक वाहन बेचे। इनमें क्रमशः 13 फीसदी और 225 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई है।
आयशर मोटर्स के वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री 34.9 फीसदी बढ़कर 10,861 इकाई रही। इसमें घरेलू बिक्री में 36.9 प्रतिशत और निर्यात में 30 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई। इनका आंकड़ा क्रमशः 9,676 इकाई और 911 इकाई रहा।
महिंद्रा के ट्रैक्टरों की घरेलू बिक्री 13 फीसदी घटकर 62,626 इकाई और निर्यात 40 प्रतिशत बढ़कर 2,220 इकाई पर रहा। कंपनी का कहना है कि इस साल दिवाली अक्टूबर की बजाय नवंबर में होने से अक्टूबर में बिक्री में गिरावट देखी गई है।
दुपहिया के क्षेत्र में होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया की बिक्री 13 प्रतिशत बढ़कर 7,34,566 इकाई हो गई। उसने घरेलू बाजार में 6,64,831 दुपहिया वाहन बेचे जबकि निर्यात 69,735 इकाई रही यह क्रमशः 11 प्रतिशत और 35 प्रतिशत की सालाना वृद्धि दिखाता है। टीवीएस मोटर कंपनी की कुल बिक्री 29 प्रतिशत बढ़कर 7,00,134 इकाई हो गई। इसमें दुपहिया की कुल बिक्री 28 प्रतिशत बढ़कर 6,70,679 इकाई रही। दुपहिया ईवी की कंपनी की बिक्री में 120 फीसदी का इजाफा हुआ और यह 71,382 इकाई हो गई। निर्यात 51 प्रतिशत बढ़कर 1,75,350 इकाई पर पहुंच गया। तिपहिया की बिक्री 29,455 इकाई पर रही एक साल पहले के मुकाबले 60 प्रतिशत अधिक है।
