इंदौर: परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में सुगनी देवी कॉलेज के सामने शुक्रवार रात एक महिला का शव मिला. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच शुरू की. वहीं, मृतका के भाई ने अपनी बहन के साथ लिव-इन में रह रहे गणेश पर गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगाया है. महिला के शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं. पुलिस को गणेश की तलाश है.
मृतका की पहचान पिंकी निवासी तीन पुलिया, परदेशीपुरा के रूप में हुई है. शुक्रवार रात बंद दुकानों के पास खाली मैदान में उसके बेसुध पड़े होने की सूचना मिली थी. थाना प्रभारी पंकज द्विवेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. वरिष्ठ अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया. पूछताछ में पुलिस को पता चला कि पिंकी पहले पति से अलग होने के बाद गणेश के साथ रह रही थी. महिला का शव मिलने की जानकारी गणेश ने ही उसकी मौसी राधाबाई को दी थी. उसने मौसी को बताया था कि पिंकी मैदान में पड़ी है. इसके बाद से वह लापता है.
महिला के भाई ने गला घोंटकर हत्या की आशंका जताई
पिंकी के भाई राजकुमार ने गणेश पर बहन की गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगाया है. पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी. फिलहाल पुलिस गणेश की तलाश के साथ ही घटनास्थल और मौत से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है. मामले में एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि परिजनों ने महिला के साथ रहने वाले व्यक्ति पर हत्या का आरोप लगाया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी, आरोपी की तलाश जारी है.
