
बैतूल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार को बैतूल दौरे पर पहुंचे। यहां पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित तेंदूपत्ता बोनस वितरण कार्यक्रम में उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के समय किसानों को फूटी कौड़ी तक नहीं मिलती थी, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार किसानों और गरीबों के खातों में सीधे राशि पहुंचा रही है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 3 लाख 69 हजार तेंदूपत्ता संग्राहकों के बैंक खातों में 30 करोड़ रुपए से अधिक की बोनस राशि अंतरित की। इसके साथ ही ग्राम वन समितियों को 13 करोड़ रुपए से अधिक की काष्ठ लाभांश राशि भी वितरित की गई। मुख्यमंत्री ने तेंदूपत्ता संग्राहकों पर फूल बरसाकर उनका स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने बैतूल जिले को विकास कार्यों की बड़ी सौगात देते हुए 443 करोड़ रुपए से अधिक के निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इस दौरान छात्राओं को सांकेतिक रूप से स्कूटी और लैपटॉप भी वितरित किए गए।
मुख्यमंत्री ने जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व में 7 करोड़ रुपए की लागत से सफारी गेट और 3 करोड़ रुपए की लागत से बटरफ्लाई पार्क बनाने की घोषणा की। वहीं, कुकरू के विकास के लिए 15 करोड़ 52 लाख रुपए स्वीकृत किए जाने की जानकारी दी। उन्होंने कुकरू में सरकारी और निजी स्तर पर कॉफी के बागान विकसित करने की बात भी कही।
मुख्यमंत्री के इस दौरे में बोनस वितरण के साथ किसानों, वन समितियों, शिक्षा और पर्यटन से जुड़े विकास कार्य प्रमुख रूप से केंद्र में रहे।
