
शाजापुर, अपने बेटे को मां ने खूब दुलार किया, उसे तैयार किया और देव दर्शन के लिए निकल गए ताकि बेटे को उसके जन्मदिन पर ईश्वर का आशीर्वाद मिल सके. लेकिन पूरा परिवार बेटे के जन्मदिन पर काल के गाल में समा गया. जिसने भी इस हादसे के बारे में सुना गमगीन हो गया. हादसे के वक्त मौजूद ग्रामीणों व पुलिसकर्मियों की आंखे भी नम हो गई.
जानकारी के अनुसार आष्टा की इंद्र कालोनी निवासी अजीत पिता रामसिंह पंवार अपनी पत्नी पूजा और पांच माह के मासूम बेटे के साथ बाइक से देवदर्शन के लिए निकले थे. बताया जा रहा है कि शनिवार को बच्चे का जन्मदिन भी था. परिवार ने इस खास दिन को देवदर्शन के साथ मनाने की योजना बनाई थी, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने उनकी खुशियां छीन लीं. सलसलाई थाना प्रभारी जनक सिंह रावत के अनुसार गोदना गांव के पास अचानक बाइक के सामने एक कुत्ता आ गया. जिसे बचाने के चक्कर में अजीत ने बाईक रोक दी. तभी पीछे से आ रही पिकअप ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों सडक़ पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
सोशल मीडिया से हुई मृतकों की पहचान
शुरुआत में मृतकों की पहचान नहीं हो पा रही थी. इसके बाद सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरें साझा की गई, जिसके माध्यम से परिवार की पहचान आष्टा की इंद्र कालोनी निवासी अजीत पंवार, उनकी पत्नी पूजा और बच्चे के रूप में हुई. सूचना मिलने पर परिजन घटनास्थल के लिए रवाना हुए. पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया. वहीं हादसे के बाद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए पिकअप वाहन और उसके चालक को पकड़ लिया तथा पुलिस के हवाले कर दिया. घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं. पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बाइक सवार के पास हेलमेट भी था, हालांकि हादसे के समय उन्होंने हेलमेट पहना था या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हुई है.
सडक़ पर बिखरे शव, मां के पास पड़ा था मासूम का शव
हादसे के बाद घटनास्थल का दृश्य बेहद हृदय विदारक था. सडक़ पर पति-पत्नी और मासूम के शव पड़े थे. सडक़ खून से लथपथ थी और बच्चा अपनी मां से लिपटा पड़ा था. यह दृश्य देखकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं. ग्रामीणों ने तत्काल तीनों शवों को कपड़ों से ढका और पुलिस को सूचना दी. कुछ ही देर में आसपास के ग्रामीण और खेतों में काम कर रहे मजदूर भी मौके पर पहुंच गए.
मातम में बदली जन्मदिन की खुशियां…
जिस दिन परिवार के मासूम बच्चे का जन्मदिन था, उसी दिन परिवार के तीनों सदस्यों की जिंदगी खत्म हो गई. जिस घर में जन्मदिन की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां अब मातम पसरा है. हादसे की खबर आष्टा पहुंचते ही परिजनों और परिचितों में शोक छा गया. एक साथ तीन मौतों ने हर किसी को झकझोर दिया.
