
ग्वालियर। दीपावली पर्व पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेल प्रशासन ने दुर्ग से दिल्ली के बीच वन-वे स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है।
रेल प्रशासन के अनुसार गाड़ी संख्या 08795 दुर्ग-दिल्ली दीपावली वन-वे स्पेशल एक्सप्रेस 2 नवंबर, सोमवार को दुर्ग से रवाना होगी। यह ट्रेन झाँसी-ग्वालियर होकर दिल्ली जंक्शन पहुंचेगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यह स्पेशल ट्रेन दुर्ग से सुबह 11 बजे प्रस्थान करेगी। रायपुर 11:35 बजे, उसलापुर 13:40 बजे, शहडोल 16:40 बजे, कटनी मुरवारा 19:20 बजे और सागर 21:53 बजे पहुंचेगी। अगले दिन 3 नवंबर, मंगलवार को यह ट्रेन वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी जंक्शन पर रात 1:30 बजे पहुंचेगी और 1:35 बजे रवाना होगी। इसके बाद ग्वालियर 2:34 बजे, आगरा कैंट 4:05 बजे, मथुरा 4:44 बजे होते हुए सुबह 8:30 बजे दिल्ली जंक्शन पहुंचेगी।
ट्रेन में कुल 18 एलएचबी कोच लगाए जाएंगे, जिसमें द्वितीय एसी का एक, तृतीय एसी के 14, स्लीपर का एक और एलडब्ल्यूएलआरआरएम के दो कोच शामिल हैं। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पूर्व समय-सारिणी की पुष्टि रेलवे पूछताछ केंद्र या आईआरसीटीसी वेबसाइट से अवश्य कर लें।
