मुरैना और खंडवा में 97.5 लाख की संपत्ति बरामद, 10 शातिर धराए

भोपाल। कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और संगठित अपराध पर प्रभावी प्रहार के तहत मध्य प्रदेश पुलिस ने मुरैना और खंडवा जिलों में लूट व डकैती के गंभीर मामलों का त्वरित खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। विशेष पुलिस टीमों ने कार्रवाई कर कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया और करीब 97.5 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।

मुरैना में सिविल लाइंस थाना पुलिस ने महज चार दिनों के भीतर एक सनसनीखेज हाईवे लूट का खुलासा किया। 22 जनवरी की तड़के एबी रोड पर एसआरडी कॉलेज के पास अज्ञात बदमाशों ने एक अर्टिगा कार को रोककर हथियारों के बल पर यात्रियों से लगभग 19 लाख रुपये नकद लूट लिए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने विशेष टीम गठित की, जिसने घटनास्थल के भौतिक साक्ष्यों की जांच की, 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान संदेह पीड़ित के ड्राइवर पर गया, जिसकी गतिविधियां अपराध से जुड़ी पाई गईं। पूछताछ में उसने वाहन मालिक व अन्य साथियों के साथ साजिश रचने की बात स्वीकार की। पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार कर नकदी, एक स्विफ्ट कार और एयरगन सहित लगभग 26 लाख रुपये का माल बरामद किया।

वहीं खंडवा जिले के पुनासा क्षेत्र में एक ज्वेलर के साथ हुई हाई-प्रोफाइल डकैती का भी पुलिस ने खुलासा किया। तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी विश्लेषण और अंतर-जिला समन्वय के माध्यम से संगठित गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। उनकी निशानदेही पर सोने के आभूषण, नकदी, देशी पिस्तौल और मोबाइल फोन सहित करीब 71.5 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की गई।

इन कार्रवाइयों से संगठित अपराध के खिलाफ मध्य प्रदेश पुलिस की तत्परता और दृढ़ प्रतिबद्धता स्पष्ट होती है।

Next Post

कलेक्टर ने सुनी आमजन की समस्याएं 

Tue Jan 27 , 2026
जबलपुर। कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में कलेक्‍टर राघवेन्‍द्र सिंह ने आमजन की समस्याओं को सुना एवं निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। जानकारी के अनुसार शहरी और ग्रामीण क्षेत्र से आये लोगों ने अपने विभिन्न समस्याओं को लेकर 97 आवेदन दिये। जिसमें 70 नये आवेदन हैं तथा […]

You May Like