
झाबुआ. लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को जिला मुख्यालय झाबुआ में ‘एकता दौड़’ (रन फॉर यूनिटी) का आयोजन किया गया। महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने राजगढ़ नाका से हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया।
इस अवसर पर मंत्री निर्मला भूरिया ने कहा कि सरदार पटेल ने देश की विभिन्न रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक योगदान दिया। युवा पीढ़ी को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता को मजबूत बनाने में योगदान देना चाहिए।
कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने कहा कि राष्ट्र की एकता एवं अखंडता बनाए रखने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। भाजपा जिलाध्यक्ष भानु भूरिया ने भी सरदार पटेल के आदर्शों पर चलते हुए भाईचारे और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने का आह्वान किया।
राजगढ़ नाका से प्रारंभ हुई दौड़ पुलिस लाइन तिराहा एवं कलेक्टर कार्यालय होते हुए जेल चौराहे पर संपन्न हुई। इसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार, जिला पंचायत सीईओ जितेंद्र सिंह चौहान, अपर कलेक्टर सी.एस. सोलंकी, एएसपी प्रतिपाल सिंह महोबिया सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
