
सुसनेर, त्योहारों का मौसम शुरू होते ही नगर के बाजारों में खरीदारों की भीड़ बढऩे लगी है, लेकिन नगर की यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन की उदासीनता साफ नजर आ रही है. प्रमुख चौराहों और बाजारों में यातायात नियंत्रण के लिए पुलिसकर्मियों की ड्यूटी होने के बावजूद कई स्थानों पर आरक्षक नजर नहीं आ रहे हैं. ऐसे में बाजारों में जाम और अव्यवस्थित यातायात की स्थिति बन रही है. सवाल यह है कि जब ड्यूटी निर्धारित है तो फिर यातायात व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी कौन निभा रहा है.
दीपावली जैसे बड़े त्योहार पर बाजारों में खरीदारी के लिए ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं. ऐसे समय में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना पुलिस और प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होती है, लेकिन वर्तमान स्थिति को देखकर ऐसा लग रहा है कि यातायात व्यवस्था को लेकर पहले जैसी गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है. नगरवासियों को पूर्व थाना प्रभारी केशर राजपूत का कार्यकाल याद आ रहा है. दीपावली पर्व के दौरान उन्होंने यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए थे. प्रमुख मार्गों, चौराहों और बाजार क्षेत्रों में पुलिस की सक्रिय तैनाती के साथ यातायात नियंत्रण पर विशेष ध्यान दिया गया था. उनके द्वारा किए गए इंतजामों की नगरवासियों ने भी सराहना की थी. उस दौरान यातायात व्यवस्था को लेकर उनकी कार्यशैली चर्चा में रही थी और लोग उन्हें लेडी सिंघम के नाम से भी याद करते थे. वहीं वर्तमान में नगर में कई थाना प्रभारी बदल चुके हैं, लेकिन यातायात व्यवस्था की समस्या जस की तस बनी हुई है. त्योहारों के दौरान भी यदि पुलिसकर्मी अपनी निर्धारित ड्यूटी पर दिखाई नहीं देते हैं, तो आमजन को परेशानियों का सामना करना पडऩा स्वाभाविक है.
कब गंभीर होगा प्रशासन…?
अब देखना यह है कि प्रशासन त्योहारों के मद्देनजर यातायात व्यवस्था को लेकर कब गंभीरता दिखाता है या फिर नगरवासियों को हर बार जाम और अव्यवस्था के बीच ही त्योहार मनाने को मजबूर होना पड़ेगा.
आखिर कब सुधरेगी नगर की यातायात व्यवस्था…
नगरवासियों का कहना है कि त्योहारों के दौरान केवल ड्यूटी लगाने से व्यवस्था नहीं सुधरती, बल्कि पुलिसकर्मियों की मौके पर मौजूदगी और नियमित निगरानी भी जरूरी है. प्रशासन को चाहिए कि प्रमुख चौराहों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात पुलिस की प्रभावी तैनाती की जाए. साथ ही नो-पार्किंग और अव्यवस्थित वाहन खड़े करने वालों पर भी कार्रवाई हो.
