
सिंगरौली । जिला चिकित्सालय सह ट्रामा सेंटर बैढ़न फिर से अव्यवस्थाओं से घिरने लगा है। इमरजेंसी प्रवेश द्वार के सामने सीवर पाइप लाइन जहां जाम है, वहीं फर्श टूटा हुआ है। यह समस्या कई महीनो से है।
दरअसल जिला चिकित्सालय सह ट्रामा सेंटर बैढ़न में करीब पॉच वर्ष पूर्व तत्कालीन सिंगरौली विधायक रामलल्लू बैस के द्वारा विधायक मद से वाटर कूलर मुहैया कराया गया था,किंतु देख-रेख के प्रभाव में कई महीनो से बंद पड़ा हुआ है। हालांकि जिला चिकित्सालय परिसर में चार अन्य वाटर कूलर अलग-अलग स्थानों में लगाए गये हैं। जो काम कर रहे हैं। वहीं वहां का एक लिफ्ट मशीन पिछले दो सालों से बंद है,यह लिफ्ट मशीन बुजुर्गो एवं दिव्यांगो के लिए स्थापित की गई है, लेकिन दो साल से एक ही लिफ्ट के सहारे मरीजो का आना-जाना होगा, इधर इमरजेंसी प्रवेश द्वार के ठीक सामने सीवर लाइन की पाइप कई साल से जाम है। बीच में मरम्मत कराया गया, लेकिन उसका कोई मतलब नही निकला। गंदा पानी के लिकेज से परिसर में बदबू बना रहता है। बताया जाता है कि ठेकेदार की लापरवाही से यह समस्या बनी हुई है। वहीं फर्श एवं टाइस की इमरजेंसी गेट के पास टूटी हुई है, इसके लिए मरम्मत कार्य नही कराया जा रहा है। जबकि इस समस्या से सिविल सर्जन वाकिफ हैं। चिकित्सको ने इस ओर सिविल सर्जन एवं नवागत कलेक्टर का ध्यान आकृष्ट कराया है।
6 वर्षो से लंबित है पुलिस चौकी खोलने का प्रस्ताव
जिला चिकित्सालय सह ट्रामा सेंटर परिसर में आये दिन स्वास्थ्य सेवको एवं मरीजो के बीच तूतू-मैंमैं गाली-गलौज जैसे स्थिति बनी रहती है। साथ ही अस्पताल परिसर में अव्यवस्थित वाहन खड़े किये जाते हैं और आये दिन मोटरसाइकिल चोरी की शिकायते मिलती रहती हैं। करीब पॉच वर्ष पूर्व जिला चिकित्सालय परिसर में पुलिस चौकी खोले जाने का भी प्रस्ताव था, करीब तीन वर्ष पूर्व तत्कालीन कलेक्टर एवं एसपी ने स्थल का मुआयना भी कर चौकी खोलने का ऐलान भी कर दिये थे,इस दौरान कई कलेक्टर और एसपी भी बदले, परंतु पुलिस चौकी नही खुल पाई।
चिकित्सको ने कहा इस सिविल सर्जन से ही कार्य की है उम्मीदें
जिला चिकित्सालय सह ट्रामा सेंटर के कई चिकित्सको ने कहा कि वर्तमान सिविल सर्जन से ही उम्मीद है कि यहां की जो भी समस्याएं वर्तमान में जो मौजूद हैं, उसका निराकरण करना संभव है। उसके पहले कई सिविल सर्जन आये और चले गये, समस्याएं जस की तस बनी रही। सीवर पाइप लाइन सबसे बड़ी समस्या है। यहां सीवर लाइन पाइप से हमेशा गंदा पानी रिसता रहता है। पूर्व में मरम्मत कार्य कराया गया, लेकिन उसका कोई मतलब नही निकला। कहीं न कहीं ठेकेदार ने ठीक तरीके से कार्य नही कराया है।
इनका कहना:-
सीवर पाइप लाइन का पूर्व में मरम्मत कार्य कराया गया,फिर भी सुधार नही हो रहा है। उससे दिक्कत है,इसे ठीक कराया जाएगा। अन्य जो भी समस्याएं हैं, संज्ञान में हैं।
डॉ. कल्पना रवि
सिविल सर्जन
जिला चिकित्सालय सह ट्रामा सेंटर, बैढ़न
