
जबलपुर। देश के प्रथम गृह मंत्री लौह पुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस पर 31अक्टूबर को सम्पूर्ण प्रदेश के साथ ही जबलपुर शहर में भी रन फॉर यूनिटी (एकता के लिये दौड़) का आयोजन किया जायेगा। रन फॉर यूनिटी सुबह 8 बजे रानीताल खेल परिसर से प्रारंभ होगी। तीन किलोमीटर लंबी यह दौड़ हनुमान मंदिर, महाराष्ट्र स्कूल, यातायात तिराहा, तीन पत्ती चौराहा और राइट टाउन स्टेडियम होते हुए वापस रानीताल खेल परिसर पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा।
जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी के अनुसार रन फॉर यूनिटी का शुभारंभ प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह करेंगे। इसके पहले लौह पुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण किया जायेगा तथा राष्ट्रीय एकता की शपथ ली जायेगी। रन फॉर यूनिटी में शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों और महाविद्यालयों के विद्यार्थी, एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस के छात्र सदस्य तथा विभिन्न खेल संघों से जुड़े खिलाड़ी शामिल होंगे। जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी ने रन फॉर यूनिटी में सहभागिता करने वाले युवा एवं नागरिकों से सुबह 7.30 बजे तक रानीताल खेल परिसर पहुंचने का अग्रह किया है।
