भिवानी 30 अक्टूबर (वार्ता) हरियाणा के भिवानी मे मताधिकार लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के मुद्दे पर 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली इंडिया ब्लॉक की रैली में हरियाणा से हजारों लोग शामिल होंगे। यह जानकारी सीपीआई (एम) के जिला सचिव ओमप्रकाश और सीपीआई के जिला सचिव फूल सिंह इंदौरा ने दी।
रैली की तैयारियों को लेकर तीनों वामपंथी दलों के राज्य नेतृत्व की ऑनलाइन बैठक हुई। इसमें सीपीआई (एम), सीपीआई और सीपीआई (एमएल) लिबरेशन के नेताओं ने भाग लिया।
वामपंथी नेताओं ने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग की एसआईआर प्रक्रिया, फॉर्म-6 के नियमों में बदलाव और मतदाता डेटा के केंद्रीकरण से लोगों के मताधिकार पर असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति को लेकर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, एसआईआर रद्द करने, हटाए गए वैध मतों की बहाली और सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुसार चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति की मांग उठाई।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जनता की मांगों का समाधान करने के बजाय विरोध प्रदर्शनों को रोकने का प्रयास कर रही है। नेताओं ने कहा कि चुनाव आयोग की निष्पक्षता और पारदर्शिता बहाल करने के लिए आंदोलन जारी रहेगा। रैली में तीनों वामपंथी दलों के नेतृत्व में हरियाणा से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक दिल्ली पहुंचेंगे।