रूस, अमेरिका और यूक्रेन बिना यूरोपीय देशों के त्रिपक्षीय वार्ता के लिए सहमत: क्रेमलिन

मास्को, 30 अक्टूबर (वार्ता) रूसी राष्ट्रपति व्लादीमीर पुतिन के सहायक (विदेशी मामलों के सलाहकार) यूरी उशाकोव ने कहा है कि रूस, अमेरिका और यूक्रेन युद्ध के समाधान के लिए त्रिपक्षीय वार्ता फिर से शुरू करने पर सहमत हो गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस सहमत प्रारूप में किसी भी यूरोपीय देश को शामिल नहीं किया गया है।

वाशिंगटन द्वारा बातचीत में ब्रिटेन, जर्मनी और फ्रांस को संभावित यूरोपीय प्रतिनिधियों के रूप में शामिल करने की रिपोर्टों पर टिप्पणी करते हुए उशाकोव ने कहा कि केवल तीन पक्ष ही वार्ता फिर से शुरू करने पर सहमत हुए हैं। हालांकि, अभी इसके लिए कोई तिथि तय नहीं की गई है। उन्होंने एक रूसी समाचार पत्र से कहा, “हम त्रिपक्षीय वार्ता फिर से शुरू करने पर सहमत हुए हैं।”

श्री उशाकोव ने बताया कि क्रेमलिन ने यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की के उस बयान को संज्ञान में लिया है जिसमें क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा करने की इच्छा दिखाई गई थी। उन्होंने कहा कि सभी पक्ष संघर्ष का अंत चाहते हैं।

अमेरिकी अधिकारियों के रुख में आए बदलाव और इस संघर्ष को लेकर यूरोपीय देशों के भीतर बढ़ते मतभेदों का हवाला देते हुए श्री उशाकोव ने संकेत दिया कि बातचीत की बहाली जल्द संभव हो सकती है। उन्होंने कहा कि यूरोपीय देश इस मुद्दे पर तनाव के संकेत देने लगे हैं और कुछ राजनेता यूक्रेन को निरंतर सहायता देने पर अलग राय रखते हैं। उन्होंने संघर्ष के जारी रहने के लिए यूरोप के “अंधाधुंध समर्थन” को जिम्मेदार ठहराया।

खेरसॉन क्षेत्र के अलोश्की में चलाए जा रहे मानवीय अभियान के बारे में पूछे जाने पर श्री उशाकोव ने कहा कि उन्हें इसके पूर्ण विवरण की जानकारी नहीं है, लेकिन उनका मानना है कि यह सामान्य रूप से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने रूस-अफ्रीका शिखर सम्मेलन के परिणामों पर चर्चा पूरी कर ली है और वह अफ्रीकी प्रतिनिधिमंडलों के प्रमुखों के साथ नौ द्विपक्षीय बैठकें करने वाले हैं।

Next Post

यूपीएफएसडीए का बड़ा एक्शन, अनियमितता पाए जाने पर 14 ब्लड सेंटर कराए बंद

Fri Oct 30 , 2026
लखनऊ, 30 अक्टूबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की विशेष जांच में चैरिटेबल ट्रस्ट और सोसाइटी द्वारा संचालित कई ब्लड सेंटरों पर अनियमितताएं सामने आई हैं। कहीं अनिवार्य एलिसा जांच के स्थान पर रैपिड किट से रक्त की जांच की जा रही थी, तो कहीं […]

You May Like