ग्वालियर: ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार की अध्यक्षता में संरक्षा सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार में विभिन्न विभागों के लगभग 55 कर्मचारियों ने सहभागिता की।सेमिनार के दौरान गाड़ियों की शीतकालीन सावधानियाँ, स्पेड से बचाव, शंटिंग के दौरान तथा शंटिंग से संबंधित दुर्घटनाओं से बचाव हेतु आवश्यक सावधानियाँ, नियमित कार्य के समय स्टाफ द्वारा अपनाई जाने वाली सुरक्षा उपाय तथा ट्रेन में आग लगने की स्थिति में बचाव के उपाय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रेजेंटेशन के माध्यम से गहन एवं व्यावहारिक चर्चा की गई।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक अनुरुद्ध कुमार, गिरीश कंचन वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी, अमन वर्मा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, नरेंद्र सिंह वरिष्ठ मंडल संकेत एवं दूरसंचार अभियंता, उर्वशी शेखावत मंडल परिचालन प्रबंधक, झांसी, सारंग श्रीवास्तव एईई/ओपी, ग्वालियर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सेमिनार का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों में संरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा शून्य दुर्घटना के लक्ष्य को प्राप्त करना रहा।
