ट्यूनिशिया, 30 अक्टूबर (वार्ता) भारत ने ट्यूनिशिया में आयोजित ‘जर्बा इंटरनेशनल फेस्टिवल ऑफ विमेन एंड यूथ सिनेमा’ के 12वें संस्करण में ‘गेस्ट ऑफ ऑनर’ के रूप में भाग लेकर वैश्विक मंच पर अपनी कूटनीतिक और सिनेमाई उत्कृष्टता का प्रदर्शन किया।
गत 24 से 27 अक्टूबर तक चार दिनों तक चले इस प्रतिष्ठित महोत्सव में भारत के लिए एक विशेष अवसर तब आया, जब उसकी लघु फिल्म ‘तोयाज’ ने देश को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई।
अभिजीत श्रीवास्तव द्वारा निर्देशित भारतीय शॉर्ट फिल्म ‘तोयाज’ को न केवल अंतरराष्ट्रीय महोत्सव में प्रदर्शित किया गया, बल्कि इसने अत्यधिक प्रतिस्पर्धी लघु फिल्म श्रेणी में तीसरा पुरस्कार भी हासिल किया। फिल्म की कहानी और तकनीकी उत्कृष्टता ने अंतरराष्ट्रीय दर्शकों के साथ-साथ जूरी के सदस्यों को भी गहराई से प्रभावित किया।
ट्यूनिशिया स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर बधाई देते हुए लिखा, “जीत! व्हाइट लोटस ने 12वें जर्बा इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल फॉर विमेन एंड यूथ सिनेमा में आधिकारिक शॉर्ट फिल्म प्रतियोगिता में तीसरा पुरस्कार जीता! निर्देशक अभिजीत श्रीवास्तव और उनकी पूरी टीम को बहुत-बहुत बधाई!”
महिलाओं और युवा फिल्म निर्माताओं को समर्पित इस अंतरराष्ट्रीय सिनेमाई समारोह में दुनिया भर के देशों की कलात्मक कृतियों के प्रदर्शन का मौका मिला। भारत के अलावा, इस महोत्सव में अल्जीरिया, मोरक्को, लेबनान, मिस्र, सीरिया, बहरीन, कतर, क्रोएशिया, अमेरिका, फ्रांस और फलस्तीन सहित 38 देशों की 68 उत्कृष्ट फिल्मों का प्रदर्शन किया गया।
महोत्सव में ‘गेस्ट ऑफ ऑनर’ के रूप में भारत की विशेष पहचान और ‘तोयाज’ की उल्लेखनीय सफलता ने वैश्विक मंच पर भारतीय सिनेमा की स्थिति को और मजबूत किया है। यह उपलब्धि सांस्कृतिक आदान-प्रदान को गहरा करने और भारत व ट्यूनिशिया के बीच कलात्मक सहयोग को बढ़ावा देने में सिनेमा की महत्वपूर्ण भूमिका को दर्शाती है। कूटनीतिक हलकों का मानना है कि इस आयोजन से दोनों देशों के फिल्म निर्माताओं के बीच सहयोग के नए रास्ते खुल सकते हैं।

