मंत्री नागरसिंह चौहान पर लगाए गए आरोपों से महिला ने लिया यू-टर्न

दिलीप सिंह

झाबुआ:मध्य प्रदेश के आलीराजपुर जिला मुख्यालय से भाजपा विधायक एवं प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान को लेकर 29 अक्टूबर को रश्मि भाटिया नामक महिला ने एक वीडियो वायरल कर कई गंभीर आरोप लगाए थे। महिला ने दावा किया था कि उसके और मंत्री नागरसिंह चौहान के बीच पिछले 20 वर्षों से संबंध हैं। उसने आरोप लगाया था कि वह मंत्री से अलग रहती है, लेकिन उनकी पत्नी एवं सांसद अनिता नागरसिंह चौहान उसे मानसिक रूप से परेशान कर रही हैं। महिला ने यह भी कहा था कि वह 30 अक्टूबर को मंत्री के घर जाने वाली है और उसे कुछ भी होता है तो इसके लिए अनिता नागरसिंह चौहान एवं उनका परिवार जिम्मेदार होगा।

महिला के इन आरोपों के बाद 30 अक्टूबर की सुबह प्रदेश के कई समाचार पत्रों में मंत्री नागरसिंह चौहान के खिलाफ खबरें भी प्रकाशित हुईं। हालांकि, आज सुबह ही महिला ने एक नया वीडियो जारी कर अपने पूर्व में लगाए गए सभी आरोपों को वापस ले लिया और पूरे मामले पर खेद व्यक्त किया।

नए वीडियो में रश्मि भाटिया ने कहा कि उनके और नागरसिंह चौहान के परिवार के बीच बहुत अच्छे संबंध हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री को जो पत्र लिखा था और 29 अक्टूबर को जो वीडियो जारी किया था, वह गलत था। महिला ने कहा कि मानसिक परेशानी के चलते उनसे ऐसा हुआ। उन्होंने यह भी कहा कि वीडियो कैसे प्रसारित हुआ, इसकी जानकारी भी उन्हें नहीं है।

महिला ने मंत्री नागरसिंह चौहान को प्रतिष्ठित एवं जनाधार वाला नेता बताते हुए कहा कि उनकी पत्नी भी अच्छी नेता हैं। उन्हें दोनों से कोई परेशानी नहीं है और वह किसी भी तरह से उन्हें बदनाम नहीं करना चाहती हैं। रश्मि भाटिया ने अपने पूर्व के बयानों के लिए स्पष्ट रूप से खेद भी जताया है।

गौरतलब है कि इस मामले में मंत्री नागरसिंह चौहान ने भी एक दिन पहले कहा था कि इस तरह की कोई बात नहीं है। कुछ लोग उन्हें बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन समय आने पर सब कुछ ठीक हो जाएगा। अब महिला के नए वीडियो के बाद इस पूरे मामले में नया मोड़ आ गया है।

Next Post

आईडीबीआई बैंक के निजीकरण पर भड़के राहुल गांधी, कहा- जिस बैंक को कर्मियों ने मुनाफे में पहुंचाया, उसे बेच रही सरकार

Fri Oct 30 , 2026
नई दिल्ली, लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने आईडीबीआई बैंक (IDBI Bank) के निजीकरण के केंद्र सरकार के फैसले पर कड़ा ऐतराज जताया है। बैंक कर्मचारियों को लिखे एक खुले पत्र और सोशल मीडिया के माध्यम से राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार […]

You May Like