
इंदौर. कनाडिया इलाके में एक कंटेनर चालक की लापरवाही कैमरे में कैद हो गई. तेज और अचानक मोड़ लेते कंटेनर ने बाइक को टक्कर मारी और बाइक सवार युवक युवती के ऊपर से निकल गया. हैरानी की बात यह रही कि दोनों जान बचाकर निकल आए. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
वायरल वीडियो स्कीम नंबर 140 क्षेत्र का बताया जा रहा है. शुक्रवार रात हुए इस हादसे में कंटेनर चालक ने अचानक टर्न लिया, तभी पास से गुजर रही बाइक उसकी चपेट में आ गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कंटेनर ने बाइक को पूरी तरह रौंद दिया और युवक युवती उसके नीचे आ गए. कुछ पल के लिए मौके पर मौजूद लोगों की सांसें थम गईं, लेकिन सौभाग्य से दोनों बाइक सवार बाल बाल बच गए. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि कंटेनर चालक को हिरासत में ले लिया है और वाहन को जब्त किया है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे में युवक युवती को गंभीर चोट नहीं आई है, हालांकि उन्हें प्राथमिक जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया. एडीसीपी का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है. लापरवाही से वाहन चलाने और जान जोखिम में डालने के आरोप में चालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
