रेलवे स्टेशन की कैंटीन में तोड़फोड़, दो आरोपी हिरासत में और तीसरे की तलाश

सतना। रेलवे स्टेशन परिसर के बाहर स्थित रेलवे सोसाइटी की पन्ना कैंटीन में बुधवार देर रात युवकों द्वारा तोड़फोड़ की गई। खाने के पैसे को लेकर एक दिन पहले हुए विवाद के बाद कुछ युवकों पर कैंटीन में पहुंचकर हंगामा करने, संचालक को गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देने और कार से दुकान के काउंटर में टक्कर मारकर नुकसान पहुंचाने का आरोप है। मामले में जीआरपी सतना ने दो आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की है, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, कैंटीन संचालक राहुल गुप्ता और कुछ युवकों के बीच खाने के पैसे को लेकर एक दिन पहले विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी विवाद के चलते 29 अक्टूबर की रात करीब 2:15 बजे युवक बलोनो कार से कैंटीन पहुंचे और वहां तोड़फोड़ की। इस दौरान संचालक और कर्मचारियों के साथ मारपीट की कोशिश किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर जीआरपी ने मामले में फरियादी की रिपोर्ट पर अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

जीआरपी के अनुसार, मामले में अमित गौतम (23), निवासी आदर्श नगर, हवाई पट्टी, सतना और मनीष दहिया (26), निवासी दुर्गा नगर, सतना के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई है। वहीं, तीसरे आरोपी शिवम मिश्रा, निवासी टिकरिया टोला, सतना की तलाश जारी है। बताया जा रहा है कि संबंधित युवक टैक्सी चलाते हैं और कैंटीन के सामने बने टैक्सी स्टैंड पर अक्सर मौजूद रहते हैं। पुलिस घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और विवाद के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।

Next Post

भारतीय तटरक्षक जहाज वराह पहुंचा केन्या, समुद्री सुरक्षा को लेकर हुआ संयुक्त अभ्यास

Fri Oct 30 , 2026
नई दिल्ली। भारत और केन्या के बीच समुद्री सहयोग को मजबूत करने की दिशा में अहम पहल की गई है। भारतीय तटरक्षक जहाज वराह 26 से 29 अक्टूबर तक तीन दिवसीय दौरे पर केन्या के मोम्बासा पोर्ट पहुंचा। इस दौरान भारतीय तटरक्षक बल और केन्या कोस्ट गार्ड सर्विस के अधिकारियों […]

You May Like