रीवा में खनिज माफियाओं पर बड़ा एक्शन, लेटराइट का अवैध परिवहन करते 7 हाइवा जब्त


रीवा जिले के नौबस्ता पुलिस चौकी क्षेत्र में लेटराइट का अवैध परिवहन करने वाले वाहनों के खिलाफ बुधवार को बड़ी कार्रवाई की गई। इस दौरान 7 हाइवा वाहनों को जब्त किया गया है। उक्त कार्रवाई खनिज, राजस्व व पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने की है। इस कार्रवाई से खनिज माफियाओं में हड़कंप मच गया है। फिलहाल जब्त वाहनों को सुरक्षार्थ पुलिस चौकी में खड़ा कराया गया है।

वरिष्ठ अधिकारियों को मिली थी सूचना
बताया गया है कि वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना मिली थी कि नौबस्ता माइंस क्षेत्र में खनिज का अवैध उत्खनन और परिवहन खनिज माफियाओं द्वारा किया जा रहा है। जिसके बाद अधिकारियों ने बुधवार को खनिज विभाग, राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम बनाई और कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

बिना दस्तावेज के हो रहा था परिवहन
संयुक्त टीम ने नौबस्ता क्षेत्र में वाहनों की चेकिंग की। इस दौरान लेटराइट खनिज लोड करीब 7 हाइवा वाहनों को रोका गया। पूछताछ में वाहन चालकों के पास खनिज परिवहन से जुड़े कोई दस्तावेज नहीं मिले। खनिज का अवैध तरीके से उत्खनन किया गया था और हाइवा वाहनों में लोड करके ले जाया जा रहा था। टीम ने सभी वाहनों को जब्त कर लिया है। अब वाहन मालिकों से दस्तावेज तलब किए गए हैं। वहीं वाहनों को पुलिस चौकी में खड़ा कराया गया है।

नरौरा में भी हुई कार्रवाई
वहीं दूसरी कार्रवाई करते हुए नौबस्ता चौकी पुलिस ने नरौरा गांव में दबिश देकर खनिज के अवैध उत्खनन व ब्लास्टिंग का पर्दाफाश किया है। मौके से ट्रैक्टर, मशीनरी सहित भारी मात्रा में विस्फोटक जब्त किया है। मौके से जब्त ट्रैक्टर के संबंध में आरटीओ से जानकारी मंगाई गई है। एक मोबाइल भी मिला था, जिसको साइबर सेल में ट्रेस करने के लिए भेजा गया है। उसके आधार पर आरोपियों को नामजद कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

माफियाओं में मचा हड़कंप
पुलिस व खनिज विभाग की कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध उत्खनन और परिवहन में करीब-करीब रोक लग गई थी। लेकिन जैसे ही कार्रवाई में ढील दी गई तो एक बार फिर माफिया सिर उठाने लगे थे। जिसकी शिकायत एक बार फिर अधिकारियों तक पहुंची थी। यही वजह है कि बुधवार को टीम ने ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू कर दिया, जिससे खनिज माफिया एक बार फिर सकते में आ गए हैं, उनके बीच हड़कंप मचा हुआ है।

Next Post

गिरफ्तारी का लिखित कारण न देना जमानत मिलने का स्वतः आधार नहीं, सुप्रीम कोर्ट ने जासूसी के आरोपी की राहत की रद्द

Fri Oct 30 , 2026
नई दिल्ली, सुप्रीम कोर्ट ने एक महत्वपूर्ण फैसले में स्पष्ट किया है कि गिरफ्तारी के लिए लिखित आधार उपलब्ध न कराना अपने आप में जमानत मिलने का स्वचालित (ऑटोमैटिक) अधिकार नहीं बन सकता है। इसी के साथ शीर्ष अदालत ने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी (ISI) को संवेदनशील और गोपनीय सैन्य जानकारियां […]

You May Like