हेल्थ, एजुकेशन और उद्यानिकी पर रहेगा कलेक्टर नेहा मीना का फोकस

देवास। माता टेकरी पर मां चामुंडा और मां तुलजा भवानी के दर्शन, जिले की सुख-समृद्धि की कामना और फिर कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर पदभार ग्रहण। देवास की नवागत कलेक्टर नेहा मीना ने गुरुवार को इसी क्रम में जिले की प्रशासनिक कमान संभाली। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने अपनी प्राथमिकताएं भी स्पष्ट कीं। उनका विशेष फोकस हेल्थ, एजुकेशन और उद्यानिकी के विकास पर रहेगा। साथ ही जिले की मौजूदा चुनौतियों को चिन्हित कर विशेष प्लान बनाकर काम किया जाएगा।

नवागत कलेक्टर नेहा मीना पदभार ग्रहण करने से पहले सबसे पहले देवास के सर्किट हाउस पहुंचीं। इसके बाद वे सीधे देवास की आराध्य देवी मां चामुंडा और मां तुलजा भवानी के दरबार माता टेकरी पहुंचीं। यहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर दर्शन किए और जिले की सुख-समृद्धि के लिए आशीर्वाद लिया। दर्शन के बाद वे कलेक्टर कार्यालय पहुंचीं, जहां अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने विधिवत पदभार ग्रहण किया।

हेल्थ और एजुकेशन पर विशेष जोर-

पदभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए कलेक्टर ने अपनी प्राथमिकताओं के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि शहर से संबंधित जो भी विभिन्न मुद्दे पत्रकारों द्वारा सामने लाए जाएंगे, उन पर प्राथमिकता से कार्य किया जाएगा। उनका विशेष फोकस हेल्थ और एजुकेशन पर रहेगा। उन्होंने बताया कि पहली पोस्टिंग में उन्होंने कुपोषण को लेकर एक बड़ा अभियान चलाया था। कलेक्टर ने कहा कि देवास जिले में उद्यानिकी का काफी स्कोप है। इसे लेकर किस तरह से विकास किया जा सकता है, इस पर उनका विशेष फोकस रहेगा। जिले में उद्यानिकी के क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं को आगे बढ़ाने के साथ ही विकास के नए अवसरों पर भी काम किया जाएगा।

चुनौतियों को चिन्हित कर बनेगा विशेष प्लान-

नवागत कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जिले में वर्तमान में जो चुनौतियां हैं, उन्हें चिन्हित कर विशेष प्लान बनाकर कार्य किया जाएगा। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने अधिकारियों की बैठक भी ली। नई कलेक्टर के आने के साथ ही जिलेवासियों की उम्मीदें भी उनसे जुड़ गई हैं। अब स्वास्थ्य, शिक्षा और उद्यानिकी सहित जिले के विभिन्न मुद्दों पर प्रशासन की कार्ययोजना और उसके क्रियान्वयन पर नजर रहेगी।

Next Post

घायल बंदरिया बच्चे को सीने से लगाए मिली, शरीर पर चोट के निशान, हमले की आशंका

Thu Oct 29 , 2026
बुरहानपुर। बुरहानपुर के कादरिया स्कूल परिसर में 4 साल की मादा बंदरिया अपने बच्चे को सीने से लगाए घायल मिली। बच्चों ने उसे देखा और स्कूल प्रबंधन को सूचना दी। वन विभाग और कोतवाली.गणपति थाना पुलिस मौके पर पहुंची। रात में वन विभाग ने दोनों को रेस्क्यू किया और वेटनरी […]

You May Like