मंदसौर में नकली दूध बनाने की फैक्ट्री पर छापा, दो आरोपी गिरफ्तार

मंदसौर। शामगढ़ थाना पुलिस ने ग्राम डुंगरखेड़ी में नकली दूध बनाने की फैक्ट्री पर छापामार कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मौके से नकली दूध निर्माण में उपयोग होने वाली करीब 10 लाख रुपये की सामग्री जब्त की गई। खाद्य विभाग के अधिकारियों ने सामग्री के सैंपल भी लिए।

पुलिस के अनुसार, पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देशन में 28 अक्टूबर को ग्राम डुंगरखेड़ी में कृष्णपालसिंह और शिवराजसिंह के घर के बाड़े में दबिश दी गई। यहां नकली दूध बनाने का काम चल रहा था। कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार भीमसिंह खराड़ी और जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी धीरेन्द्र सिंह जादौन को मौके पर बुलाया गया।

पुलिस ने मौके से मिल्क पाउडर के 6 कट्टे, वनस्पति के 5 डिब्बे, यूरिया के 4 कट्टे, गैस भट्टी, गैस टंकी, फिल्टर मिक्सर मशीन, डीप फ्रीजर, इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा, दूध जांचने की दो मशीनें, तरल साबुन से भरी 40 लीटर की केन सहित अन्य सामग्री जब्त की।

पुलिस ने आरोपी कृष्णपालसिंह और शिवराजसिंह, दोनों निवासी ग्राम डुंगरखेड़ी, थाना शामगढ़, के विरुद्ध बीएनएस की धारा 272, 274, 275 एवं 110 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी शामगढ़ उपनिरीक्षक कपिल सौराष्ट्रीय सहित उपनिरीक्षक ओपी राठौर, प्रधान आरक्षक धनपाल जाट, आरक्षक मोकमसिंह, प्रेम कुमार, सुनील दायमा एवं महिला आरक्षक ऋतु सोनी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Next Post

हेल्थ, एजुकेशन और उद्यानिकी पर रहेगा कलेक्टर नेहा मीना का फोकस

Thu Oct 29 , 2026
देवास। माता टेकरी पर मां चामुंडा और मां तुलजा भवानी के दर्शन, जिले की सुख-समृद्धि की कामना और फिर कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर पदभार ग्रहण। देवास की नवागत कलेक्टर नेहा मीना ने गुरुवार को इसी क्रम में जिले की प्रशासनिक कमान संभाली। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने अपनी प्राथमिकताएं भी […]

You May Like