आंध्र प्रदेश में चक्रवात प्रभावित क्षेत्रों में स्वच्छता कार्यों के लिए विशेष टीमों का गठन

विजयवाड़ा, 29 अक्टूबर (वार्ता) आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री तथा पंचायत राज एवं ग्रामीण विकास मंत्री के. पवन कल्याण ने चक्रवात ‘अर्णब’ से प्रभावित क्षेत्रों में स्वच्छता में सुधार करने और संक्रामक रोगों के प्रसार को रोकने के लिए विशेष टास्क फोर्स टीमों का गठन किया है।

आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, ये विशेष टीमें गांवों के निचले इलाकों में जलभराव को दूर करने, नालियों की सफाई करने और ब्लीचिंग तथा क्लोरीनीकरण की प्रक्रिया को अंजाम देने पर मुख्य रूप से ध्यान केंद्रित करेंगी।

उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि भारी बारिश और बाढ़ के पानी के कारण गांवों में बने अस्वास्थ्यकर माहौल को देखते हुए संक्रामक बीमारियों के खतरे से निपटने के लिए निवारक उपायों पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने बताया कि ये विशेष टीमें पंचायत राज और ग्रामीण विकास विभाग के स्थानीय कर्मचारियों के साथ समन्वय बनाकर जमीनी स्तर पर काम करेंगी।

इसके अलावा चक्रवात प्रभावित गांवों में लोगों को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए उपमुख्यमंत्री ने विशेष जल-परीक्षण टीमों का भी गठन किया है। इस कार्य के लिए कोनासीमा और पश्चिम गोदावरी जिलों में 48 तकनीकी कर्मियों को तैनात किया गया है। ये टीमें गांवों का दौरा कर पेयजल स्रोतों का निरीक्षण करेंगी और मौके पर ही पानी की गुणवत्ता की जांच करेंगी। गुणवत्ता में कोई समस्या पाये जाने पर वे तुरंत संबंधित अधिकारियों और जनता को सूचित कर जलापूर्ति की कमियों को दूर कराना सुनिश्चित करेंगी।

Next Post

यमुना में डुबकी लगाने से नहीं, प्रदूषण खत्म करने से मिलेगी मुक्ति- देवेंद्र

Thu Oct 29 , 2026
नयी दिल्ली, 29 अक्टूबर (वार्ता) दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने भाजपा सांसद मनोज तिवारी के यमुना में डुबकी लगाने को राजनीतिक दिखावा करार देते हुए गुरुवार को कहा कि यमुना की सफाई के बजाय कैमरों के सामने डुबकी लगाकर भाजपा नेता जनता को गुमराह कर रहे हैं। […]

You May Like