
जबलपुर। अधारताल और विजयनगर थाना क्षेत्र में बेखौफ बदमाशों ने झपटमारी की तीन बड़ी वारदातों को अंजाम दिया है। लुटेरों ने उन राहगीरों को अपना निशाना बनाया जो सडक़ पर पैदल चलते हुए मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रहे थे। बदमाश तीन राहगीरों को मोबाइल लूटकर फरार हो गए।
अधारताल पुलिस के मुताबिक राहुल तिवारी (38), निवासी शारदा कॉलोनी, न्यू कंचनपुर का बीती रात करीब 08:15 बजे शोभापुर मार्केट से पैदल मोबाइल पर बातचीत करते हुए अपने घर जा रहा था तभी पीछे से बाइक पर सवार दो अज्ञात बदमाश आए और हाथ से मोबाइल छीनकर भाग निकले। इसी प्रकार साक्षी शर्मा (23), निवासी सुभाषनगर शाम करीब 4:45 बजे, नवल स्टोर से कृषि नगर होते हुए पैदल अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान कृषि नगर रोड पर पीछे से एक्सेस गाड़ी पर सवार दो अज्ञात लडक़े आए और उनके हाथ से मोबाइल झपटकर रफूचक्कर हो गए। इसी प्रकार विजय नगर स्थित डी-मार्ट के कैशियर हर्ष विश्वकर्मा निवासी गढ़ा अपने मोबाइल से डी-मार्ट के कैशियर ऑफिसर से बात करते हुए पैदल जा रहे थे। बाइक सवार दो लडक़ों ने झपट्टा मारकर उनका मोबाइल छीन लिया।
