
नयी दिल्ली 04 जनवरी (वार्ता) भारतीय वायु सेना देश की रक्षा क्षमता को मजबूत करने और स्वदेशी नवाचार को बढ़ावा देने के लिए एक उद्योग आउटरीच कार्यक्रम 25 (आईओई25) आयोजित कर रही है।
वायु सेना ने शनिवार को बताया कि यह कार्यक्रम दो दिनों के लिए तैयार किया गया है, जिसका पहला चरण 13 जनवरी को ऑनलाइन आयोजित किया जाएगा और दूसरा चरण 15 जनवरी को गुवाहाटी वायु सेना केंद्र में आयोजित किया जाएगा।
आईओई 25 रक्षा उद्योग के भागीदारों, नवप्रवर्तकों और स्टार्ट-अप्स को भारतीय वायु सेना से जोड़ने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में काम करेगा, जो रक्षा क्षेत्र में नवाचार की जरूरत और एक आत्मनिर्भर रक्षा परितंत्र के निर्माण की दिशा में भारत सरकार के प्रयासों और दृष्टिकोण पर प्रकाश डालेगा।
आईओई 25 का दूसरा चरण 15 जनवरी को गुवाहाटी वायु सेना केंद्र में आयोजित किया जाएगा, जहां ऑपरेटरों के साथ सीधे संपर्क से रक्षा उद्योग के प्रतिनिधियों को परिचालन जरूरतों को बेहतर तरीके से समझने और उन क्षेत्रों की पहचान करने में मदद मिलेगी, जहां वे नए समाधानों के साथ योगदान दे सकते हैं।
इस पहल का उद्देश्य रक्षा क्षेत्र में मौजूद अवसरों की पहचान करके रक्षा उद्योग की भागीदारी को मजबूत करना और भारत के आत्मनिर्भर बनने के रणनीतिक लक्ष्य को हासिल करने में मदद के लिए अत्याधुनिक तकनीक का उपयोग करना है।
