
इंदौर. शहर के खजराना और छत्रीपुरा थाना क्षेत्रों में पुलिस ने चेकिंग के दौरान धारदार चाकू लेकर घूम रहे दो बदमाशों को पकड़ा. दोनों के पास से चाकू बरामद हुए हैं. इनमें एक आरोपी एमआईजी क्षेत्र का लिस्टेड बदमाश है, जबकि दूसरे के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित पहले से आपराधिक रिकॉर्ड है.
खजराना थाना पुलिस ने गुरुवार को चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर भाग रहे 26 वर्षीय विकास उर्फ दाऊ निवासी नया बसेरा, छोटी खजरानी को पकड़ा. तलाशी में उसके पास से खटकेदार धारदार चाकू मिला. आरोपी चाकू रखने का वैध लाइसेंस नहीं बता सका. वह एमआईजी थाना क्षेत्र का लिस्टेड बदमाश है और उसके खिलाफ एमआईजी, खजराना सहित शहर के विभिन्न थानों में पहले भी कई अपराध दर्ज हैं. वहीं, छत्रीपुरा थाना पुलिस ने देर रात सरप्राइज चेकिंग के दौरान वैद्य ख्यालीराम के बगीचे के पास खाली मैदान से आनंद उर्फ बाबू इंगले उम्र 21 साल, निवासी भीमनगर, इंदौर को पकड़ा. आरोपी वहां लंबा धारदार चाकू लेकर घूम रहा था. तलाशी में उसके पास से लोहे का लंबा, तड़तड़ीदार और नुकीला चाकू बरामद हुआ. उसके खिलाफ पहले भी हत्या के प्रयास सहित आपराधिक मामले दर्ज हैं. मामले में एडीसीपी अमरेन्द्र सिंह ने बताया कि अपराधों पर नियंत्रण के लिए बदमाशों और संदिग्धों की चेकिंग की जा रही है. इसी दौरान दोनों थाना क्षेत्रों में आरोपियों को धारदार चाकू के साथ पकड़ा, उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है.
