
इंदौर. एरोड्रम थाना क्षेत्र में पुलिस ने हॉट स्पॉट और संदिग्धों की चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति को करीब 700 ग्राम गांजे के साथ पकड़ा है. जब्त गांजे की कीमत करीब 30 हजार रुपए बताई गई है.
बुधवार की देर रात करीब 12:20 बजे पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी. इस दौरान टीम बिजासन माता मंदिर के नीचे खुले मैदान में पहुंची. वहां पीले रंग का कुर्ता और सफेद पायजामा पहने एक व्यक्ति पुलिस को देखकर घबरा गया, संदेह होने पर पुलिसकर्मियों ने उसे घेरकर पूछताछ की. उसने अपना नाम राजेंद्र सेन उम्र 52 साल, निवासी रुक्मणी नगर, गली नंबर 3, छोटा बांगड़दा रोड, इंदौर बताया. तलाशी के दौरान उसके पास पीले-सफेद रंग के झोले में रखी प्लास्टिक की थैली मिली. उसमें डंठल, हरी पत्तियां और दानेदार पदार्थ था. पुलिस ने जांच के बाद इसे गांजा मानते हुए करीब 700 ग्राम मादक पदार्थ जब्त किया. आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. थाना प्रभारी मनोज सिंह सेंधव ने बताया कि क्षेत्र में हॉट स्पॉट और शेडो एरिया की चेकिंग के दौरान आरोपी को गांजे के साथ पकड़ा है. अवैध मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त पर रोक लगाने के लिए पुलिस की चेकिंग और कार्रवाई जारी है.
