देश में विकसित पहला कीटनाशक अणु बाजार में उतरने के लिए तैयार , दस साल के शोध के बाद तैयार हुआ

नयी दिल्ली, 29 अक्टूबर (वार्ता) देश की प्रमुख कीटनाशक निर्माता कंपनी पीआई इंडस्ट्रीज ने गुरूवार को दावा किया कि उसने दस साल के शोध के बाद स्वदेशी कीटनाशक अणु का विकास कर लिया है और अब उसे बाजार में उतारे जाने की तैयारी है। कंपनी ने इसे देश का पहला स्वदेशी कीटनाशक अणु बताते हुए इसका नामकरण ‘पियोक्सानिलिप्रोले’ किया है और कहा है कि एक दशक से अधिक के अनुसंधान, निवेश और वैज्ञानिक खोज से इसे विकसित किया है।

कंपनी ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के तहत ‘केंद्रीय कीटनाशक बोर्ड और पंजीकरण समिति’ ने इस अणु का औपचारिक पंजीकरण कर दिया है तथा इसे भारत में खोजे गए पहले कीटनाशक सक्रिय घटक के रूप में मान्यता प्रदान की है। उन्होंने बताया कि पियोक्सानिलिप्रोले को वैश्विक वैज्ञानिक मानकों के हिसाब से तैयार किया गया है तथा राज्य कृषि विश्वविद्यालयों सहित देश के कृषि शोध संस्थानों की मदद ली गयी है। इसका देश के कई भागों में परीक्षण किया गया और वैज्ञानिक मूल्यांकनों से गुजारा गया है।

इस अवसर पर पीआई इंडस्ट्रीज के उपाध्यक्ष और प्रबंध निदेशक मयंक सिंघल ने कहा, “पियोक्सानिलिप्रोले दर्शाता है कि जब भारतीय कृषि की गहरी समझ वैश्विक स्तर के विज्ञान से मिलती है तो क्या संभव हो सकता है। यह पीआई और भारतीय कृषि नवाचार के लिए एक गर्व का क्षण है।” पीआई इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष नारायण के. शेषाद्रि ने कहा कि यह अणु भारतीय कृषि विज्ञान के विकास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है और देश के वैज्ञानिक आत्मनिर्भरता की दिशा में एक बड़ा कदम है।

कंपनी के अनुसार यह कीटनाशक मिट्टी के कीड़ों के लिए विशेष तौर पर कारगर है। खासकर दीमक लगने जैसी बीमारियों को लेकर यह काफी प्रभावी है। यह सोयाबीन, मिर्च की उपज को बढ़ाने में विशेष सहायक साबित होगा। इस रजिस्टर्ड पियोक्सैनिलिप्रोले फ़ॉर्मूलेशन को कई फसलों और कीटों पर इस्तेमाल के लिए मंज़ूरी दी जा चुकी है। गौरतलब है कि कंपनी के पास 260 से अधिक पेटेंट का पोर्टफोलियो है और वह दुनिया की शीर्ष पांच एग्रोकेमिकल कंपनियों में शामिल है।

.....

Next Post

चंबल नदी में कूद गया युवक

Thu Oct 29 , 2026
मुरैना। यहां एक युवक आत्महत्या के इरादे से चंबल नदी में कूद गया, उसने बंद पड़े पुराने पुल से नदी में छलांग लगा दी। युवक राजस्थान के धौलपुर शहर का रहने वाला बताया गया है। युवक को रेस्क्यू कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। Facebook Share on X LinkedIn […]

You May Like