
सतना।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 31 मई को प्रदेश के दो प्रमुख तीर्थ स्थलों दतिया और सतना को हवाई उड़ान की ऐतिहासिक सौगात देंगे। प्रधानमंत्री मोदी भोपाल से वर्चुअली दतिया और सतना में नव निर्मित एयरपोर्ट्स का लोकार्पण करेंगे। लोकार्पण अवसर पर सतना एयरपोर्ट में स्थानीय समारोह आयोजित किया जा रहा है। कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस एवं पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता ने गुरूवार को एयरपोर्ट पहुंचकर एयरपोर्ट एथारिटी और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक कर लोकार्पण समारोह के स्थानीय कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। इस अवसर पर एयरपोर्ट में की जा रही बैठक व्यवस्था, पंडाल, पेयजल, सुरक्षा कार्यक्रम में आने वाले जनमानस के आवागमन, पार्किंग सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
