
मनोज पुरोहित शाजापुर। नेशनल हाईवे-52 पर चलती बाराती बस में भीषण आग, 60-70 यात्री सुरक्षित
शाजापुर जिले के नेशनल हाईवे-52 पर मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे एक चलती बाराती बस में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग तेजी से फैलते ही बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई, जबकि उसमें सवार 60-70 यात्रियों ने कूदकर अपनी जान बचा ली। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन यात्रियों का सामान जल गया।
सूचना मिलते ही पुलिस और शाजापुर-मक्सी से पहुंची पांच फायर ब्रिगेड गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मौके पर एसपी यशपाल सिंह राजपूत सहित प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। घटना के कारण कुछ देर हाईवे पर जाम की स्थिति बनी रही।
इस दौरान फायर ब्रिगेड के फूटे पाइपों से पानी बहता रहा, जिससे राहत कार्य प्रभावित हुआ। कर्मचारियों ने उपकरणों की खराब स्थिति को लेकर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।
