कोलकाता, 15 नवंबर (वार्ता) भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन लंच तक 45 ओवर में 4 विकेट पर 138 रन बनाकर स्थिर शुरुआत की। हालांकि वह अभी भी दक्षिण अफ्रीका के पहली पारी में बनाये गये स्कोर 21 रन पीछे है।
भारत ने कल के एक विकेट पर 37 रन से आगे खेलना शुरु किया। सुबह के सत्र में भारत का दूसरा विकेट 75 रन के स्कोर पर वाशिंगटन सुंदर के रुप में गिरा। उन्हें साइमन हार्मर ने आउट किया। इसके बाद केशव महाराज ने केएल राहुल 39 रन को आउट किया। ऋषभ पंत (27 रन) को कॉर्बिन बॉश ने अपना शिकार बनाया। डीसी जुरेल और रवींद्र जडेजा क्रमशः पांच और 11 रन बनाकर क्रीज पर है। इस दौरान मैच में आक्रामक बल्लेबाजी और धैर्यपूर्ण डिफेंस का मिश्रण देखने को मिला। राहुल ने केशव महाराज की गेंद पर एक छक्का और कई चौके लगाए, जबकि पंत शानदार फॉर्म में थे और आउट होने से पहले उन्होंने दो छक्के और इतने ही चौके लगाए। सुंदर ने भी अपनी पहुंच और टाइमिंग का अच्छा इस्तेमाल करते हुए एक छक्का और दो चौके लगाकर प्रभावित किया।
शुभमन गिल स्वीप शॉट लगाने की कोशिश में 79/2 के स्कोर पर चोटिल हो गए, जिससे भारतीय पारी को झटका लगा। टीम ने 37.4 ओवर में 100 रन पूरे किए, जिसमें 11 अतिरिक्त रन शामिल थे।

