व्यापारियों ने कहा कि दीपावली सहित अन्य त्योहारों के आसपास का समय कारोबार के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण होता है। इस दौरान दिल्ली कबाजारों में बड़ी संख्या में ग्राहक खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में किसी बड़ी रैली के कारण यातायात प्रभावित होने, जाम लगने और ग्राहकों को परेशानी होने की आशंका रहती है, जिसका सीधा असर व्यापार पर पड़ सकता है।
श्री पम्मा ने कहा, “मोहब्बत का संदेश दीजिए, लेकिन व्यापारियों की रोजी-रोटी और कारोबार की कीमत पर नहीं।” उन्होंने कहा कि व्यापारी पूरे साल त्योहारों के सीजन का इंतजार करते हैं। इस समय बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही और सुचारु यातायात बेहद जरूरी है। यदि बाजारों तक पहुंचने में लोगों को परेशानी होती है, तो इससे दुकानदारों के कारोबार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों का उद्देश्य किसी के कार्यक्रम का विरोध करना नहीं, बल्कि बाजारों में व्यापारिक गतिविधियों को सुचारु बनाए रखना और आम जनता को परेशानी से बचाना है।

