ITBP ने राष्ट्रीय पुलिस स्मारक पर शहीद जवानों को दी भावभीनी श्रद्धांजलि

नई दिल्ली, 28 अक्टूबर। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) ने देश की सेवा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले अपने वीर जवानों को नई दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित राष्ट्रीय पुलिस स्मारक पर आयोजित विशेष समारोह में भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर देशभर से आमंत्रित 73 शहीद जवानों के परिजन शामिल हुए। यह अपनी तरह के सबसे बड़े आयोजनों में से एक रहा, जिसमें शहीदों के बलिदान को याद कर उन्हें नमन किया गया।

समारोह में शहीद जवानों के सम्मान में औपचारिक सलामी दी गई और शोक शस्त्र (रिवर्स आर्म्स) ड्रिल का प्रदर्शन किया गया। आईटीबीपी बैंड की विशेष प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को देशभक्ति, गंभीरता और श्रद्धा से भर दिया।

आईटीबीपी के महानिदेशक श्री शत्रुजीत कपूर और हिमवीर वाइव्स वेलफेयर एसोसिएशन (एचडब्ल्यूडब्ल्यूए) की अध्यक्ष श्रीमती भारती कपूर ने शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की।

समारोह से पहले महानिदेशक और एचडब्ल्यूडब्ल्यूए अध्यक्ष ने उपस्थित सभी 73 शहीदों के परिजनों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की। उन्होंने प्रत्येक परिवार की समस्याओं और कठिनाइयों को धैर्यपूर्वक सुना तथा उनके शीघ्र समाधान के लिए हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। इस दौरान असाधारण साहस, धैर्य और त्याग के लिए शहीदों के परिजनों को सम्मानित भी किया गया।

महानिदेशक ने शहीद परिवारों के कल्याण के प्रति बल की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि आईटीबीपी हर परिस्थिति में उनके साथ मजबूती से खड़ी रहेगी और उन्हें हरसंभव सहयोग एवं सहायता प्रदान करती रहेगी। कार्यक्रम के अंतर्गत सभी परिवारों को दिल्ली के दर्शनीय स्थलों का भ्रमण भी कराया गया।

इसके बाद महानिदेशक ने वरिष्ठ अधिकारियों, शहीदों के परिजनों और विशिष्ट अतिथियों के साथ राष्ट्रीय पुलिस स्मारक की ‘वॉल ऑफ वैलर’ पर पुष्पांजलि अर्पित कर वीर शहीदों के सर्वोच्च बलिदान और उनकी गौरवशाली विरासत को नमन किया।

इससे पहले सुबह रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें आईटीबीपी के जवानों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। शिविर में लगभग 100 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। यह पहल देश की सीमाओं की सुरक्षा के साथ-साथ मानवीय सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति बल की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।

समारोह के समापन पर आईटीबीपी के जवानों के शौर्य, समर्पण और सर्वोच्च बलिदान पर आधारित विशेष वीडियो प्रस्तुति दिखाई गई। इसमें देश की दुर्गम सीमाओं की सुरक्षा और राष्ट्रसेवा में बल के असाधारण योगदान को रेखांकित किया गया।

यह श्रद्धांजलि समारोह आईटीबीपी के वीर जवानों के अतुलनीय बलिदान को नमन करने के साथ-साथ उनकी गौरवशाली विरासत को संजोने और उनके परिवारों के साथ हर परिस्थिति में खड़े रहने के बल के संकल्प का प्रतीक बना।

Next Post

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने जिम्बाब्वे का किया सूपड़ा साफ, तीसरे वनडे में 8 विकेट से हराकर सीरीज पर 3-0 से कब्जा

Thu Oct 29 , 2026
वडोदरा,  भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने अपने शानदार प्रदर्शन का सिलसिला जारी रखते हुए जिम्बाब्वे को तीसरे और अंतिम वनडे मुकाबले में 8 विकेट से करारी शिकस्त दी है। इस जीत के साथ ही भारत ने टी20 सीरीज के बाद वनडे सीरीज में भी 3-0 से क्लीन स्वीप कर लिया […]

You May Like