
दमोह। कॉलेज के विद्यार्थियों में सामाजिक सुरक्षा के प्रति जागरूकता व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से जिला पुलिस बल दमोह व उच्च शिक्षा विभाग की संयुक्त पहल के तहत दिनांक 28 अक्टूबर 2026 को ज्ञानचंद्र श्रीवास्तव शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय दमोह में जन सुरक्षा – युवा सृजन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि (भा.पु.से) व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया ने विद्यार्थियों को विभिन्न अपराधों, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध व यातायात नियमों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि (भा.पु.से) ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए युवा सृजन का अर्थ समझाते हुये युवाओं की समाज निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग समाज की सकारात्मक ऊर्जा व परिवर्तन का वाहक है। युवाओं को अपनी रचनात्मक क्षमता का उपयोग सामाजिक बुराइयों के विरुद्ध जागरूकता फैलाने, कानून का सम्मान करने तथा सुरक्षित व जिम्मेदार समाज के निर्माण में करना चाहिए। पुलिस अधीक्षक दमोह ने छात्र-छात्राओं को वर्तमान मे घटित हो रहे सायबर अपराधों के बारे अवगत कराते हुये उनसे बचने एवं अपराधों के विस्तार को रोकने,नशे से दूर रहने ,नशे के दुष्प्रभावों के बारे में तथा ऐसे अपराध घटित होने पर तुरंत पुलिस से सहयोग लेने हेतु प्रेरित एवं जागरूक किया ।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया ने विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार के सायबर अपराधों, उनके घटित होने के तरीकों तथा अपराधों में पुलिस द्वारा की जाने वाली वैधानिक कार्रवाई की जानकारी दी। साथ ही साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने एवं एनसीआरवी पोर्टल का उपयोग करने की जानकारी दी । उन्होंने विद्यार्थियों को अपराधों के प्रति सतर्क रहने तथा किसी भी आपराधिक गतिविधि की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित करने के लिए प्रेरित किया।
महिला थाना प्रभारी सुश्री फेमिदा खान ने छात्राओं को महिला संबंधी अपराधों, महिलाओं के कानूनी अधिकारों, घरेलू हिंसा एवं छेड़छाड़ जैसे विषयों पर जानकारी प्रदान की। उन्होंने महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबर 112 (आपातकालीन सहायता), 1090 (महिला हेल्पलाइन) व 181 (महिला सहायता हेल्पलाइन) की जानकारी देते हुए छात्राओं को किसी भी परेशानी अथवा अपराध की स्थिति में बिना संकोच सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।
यातायात प्रभारी निरीक्षक दलबीर सिंह मार्को ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों के पालन, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के महत्व, नशे की स्थिति में वाहन नहीं चलाने, तेज गति से बचने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने के संबंध में जागरूक किया। उन्होंने ड्राइविंग लाइसेंस की अनिवार्यता, लाइसेंस बनवाने की प्रक्रिया एवं निर्धारित आयु पूर्ण होने पर वैध ड्राइविंग लाइसेंस के साथ ही वाहन चलाने की जानकारी भी दी।साइबर शाखा में पदस्थ प्रधान आरक्षक सौरभ टण्डन द्वारा विद्यार्थियों को साइबर अपराध एवं ऑनलाइन सुरक्षा के संबंध में जागरूक किया गया। उन्होंने साइबर ठगी, डिजिटल अरेस्ट के नाम पर की जाने वाली धोखाधड़ी, सोशल मीडिया ऐप एवं अकाउंट हैक होने तथा विभिन्न प्रकार की वित्तीय ठगी के तरीकों की जानकारी दी। उन्होंने अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, किसी के साथ ओटीपी व बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने तथा सोशल मीडिया अकाउंट की सुरक्षा के लिए मजबूत पासवर्ड व टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन का उपयोग करने की समझाइश दी।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया, सहित पुलिस विभाग के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। महाविद्यालय की ओर से पीजी कालेज प्राचार्य डां. आलोक जैन, हिंदी प्रोफेसर नाजनीन बेगम, महाविघालय प्रभारी प्रोफेसर में डॉ के एस बामनिया,प्रोफेसर मंगल सिंह, जितेंद्र चौधरी वरिष्ठ प्राध्यापक गणों में डॉ कीर्तिकाम दुबे, डॉ इंदिरा जैन, डॉ एन आर सुमन, डॉ जी पी अहिरवार के साथ लैब टेक्नीशियन धर्मेन्द्र राय प्राध्यापकगण उपस्थित रहे।
