
जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में करीब 10 वर्षों बाद प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं दिसंबर में आयोजित करने की तैयारी है। सत्र 2026-27 के स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों की प्रथम सेमेस्टर परीक्षाएं दिसंबर 2026 में कराने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। शासन के अकादमिक कैलेंडर के अनुसार समय पर परीक्षाएं कराने के लिए कुलगुरु प्रो. राजेश कुमार वर्मा ने परीक्षा एवं गोपनीय विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक में उत्तर पुस्तिकाओं की उपलब्धता, परीक्षा केंद्रों का निर्धारण, प्रश्नपत्र तैयार करने और समय-सारिणी जारी करने सहित परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। कुलगुरु ने निर्देश दिए कि अकादमिक कैलेंडर के अनुरूप दिसंबर में प्रथम सेमेस्टर की सभी परीक्षाएं संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां समय-सीमा में पूरी की जाएं। बैठक के दौरान प्रभारी कुलसचिव प्रो. एसएस संधु, डीसीडीसी प्रो. राकेश बाजपेयी और परीक्षा नियंत्रक प्रो. एसके दुबे ,सहायक कुलसचिव हितेश कोड़ापे, ऑनलाइन केंद्र प्रभारी डॉ. अजय कुमार गुप्ता, श्रीष दुबे, श्री दीपक श्रीवास्तव, श्री समयलाल साकेत , रमेश सेन सहित परीक्षा, गोपनीय विभाग एवं ऑनलाइन केंद्र के कर्मचारी भी मौजूद रहे।
परीक्षा आवेदन 2 नवंबर से
विश्वविद्यालय ने सत्र 2026-27 में प्रवेशित बीए-बीएड, बीएससी-बीएड, बीएएलएलबी, एलएलबी, एलएलएम, बीबीए-एलएलबी और बीकॉम-एलएलबी प्रथम सेमेस्टर के नियमित, भूतपूर्व और एटीकेटी परीक्षार्थियों के लिए आवेदन कार्यक्रम भी घोषित किया है। इसी प्रकार एम.ए., एम.एस.डब्ल्यू., एम.एससी., एम.काम. प्रथम सेमेस्टर (नियमित, एटीकेटी, भूतपूर्व और एन.ई.पी.) परीक्षार्थियों के लिए आवेदन कार्यक्रम भी घोषित किया है। परीक्षा आवेदन एमपी ऑनलाइन के माध्यम से भरे जाएंगे। इनमें 2 से 11 नवंबर तक सामान्य शुल्क के साथ आवेदन भरे जायेंगे। वहीं 16 नवंबर तक 100 रुपये विलंब शुल्क के साथ एवं 20 नवंबर तक 750 रुपये विलंब शुल्क के साथ आवेदन जमा किये जा सकते हैं। विशेष विलंब शुल्क के साथ परीक्षा शुरू होने के सात दिन पहले से परीक्षा तिथि से एक दिन पूर्व तक 2,000 रुपये शुल्क देय होगा।