एयर इंडिया-एसबीआई कार्ड ने की को-ब्रांडेड वीजा क्रेडिट कार्ड की घोषणा

नयी दिल्ली, 28 अक्टूबर (वार्ता) टाटा समूह की विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया ने बुधवार को एसबीआई कार्ड के साथ को-ब्रांडेड वीजा क्रेडिट कार्ड प्रोग्राम पेश करने की घोषणा की। एयरलाइंस ने बताया कि यह प्रोग्राम उसके ‘महाराजा क्लब’ लॉयल्टी प्रोग्राम के सदस्यों को यात्रा और जीवनशैली से जुड़े कई बेहतरीन लाभ प्रदान करेगा। इसका उद्देश्य एयर इंडिया के लगातार बढ़ रहे ‘फ्रीक्वेंट फ्लायर्स’ और लॉयल्टी सदस्यों के लिए एक आकर्षक विकल्प तैयार करना है।

एयर इंडिया के मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी निपुण अग्रवाल ने कहा, “हम एयर इंडिया के साथ ग्राहकों के सफर के हर पहलू को बदल रहे हैं – चाहे वह हमारे बेड़े का आधुनिकीकरण हो, विश्व स्तरीय केबिन सुविधाएं हों, या हमारे वैश्विक नेटवर्क का विस्तार। इसके साथ ही, हम ‘महाराजा क्लब’ के जरिये देश का सबसे बेहतरीन लॉयल्टी पारितंत्र भी तैयार कर रहे हैं। हमें एक ऐसा को-ब्रांडेड क्रेडिट कार्ड बनाने का शानदार अवसर दिख रहा है, जो ग्राहकों को उनके रोजमर्रा के खर्चों और उनकी यात्रा तथा जीवनशैली से जुड़ी इच्छाओं- दोनों के लिए बेहतरीन रिवॉर्ड दे सके।”

एसबीआई कार्ड की प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी सलीला पांडे ने कहा, “जैसे-जैसे लोगों की यात्रा संबंधी इच्छाएं बदल रही हैं और ग्राहक ऐसे अनुभव चाहते हैं, जो उन्हें अधिक वैल्यू और सुविधा दें, हमें उनकी यात्राओं में क्रेडिट कार्ड की भूमिका को नये सिरे से परिभाषित करने का एक बड़ा अवसर दिखाई देता है। एसबीआई कार्ड में हमारा ध्यान ऐसे खास क्रेडिट कार्ड पेश करने पर है, जो ग्राहकों की बदलती प्राथमिकताओं, उनकी खर्च करने की जरूरतों और जीवनशैली की आकांक्षाओं के अनुरूप हों। यह साझेदारी ग्राहकों के लिए नये तरह के भुगतान समाधान लाने और उनके पास मौजूद विकल्पों को बढ़ाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है।”
भारत और दक्षिण एशिया के लिए वीजा के प्रबंधक सुरेश सेठी ने कहा, “एयर इंडिया और एसबीआई कार्ड के साथ हमारी साझेदारी भुगतान के भविष्य को बेहतर बनाने के हमारे साझा लक्ष्य को दर्शाती है,- जहां हर ट्रांजेक्शन यात्रा को और अधिक मूल्यवान बनाता है।”

.....

Next Post

MLC चुनाव: यूपी में बीजेपी जीती 5 सीटें, वाराणसी में सपा का कब्जा , बिहार-कर्नाटक में भी चौंकाने वाले नतीजे

Wed Oct 28 , 2026
चार राज्यों—उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र और कर्नाटक की 28 विधान परिषद (MLC) सीटों के परिणामों में दिलचस्प मुकाबले देखने को मिले हैं। उत्तर प्रदेश में 11 सीटों में से बीजेपी ने 5 पर जीत दर्ज की है, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी की शिक्षक सीट समाजवादी पार्टी […]

You May Like