किंगदाओ (चीन), 13 फरवरी (वार्ता) बैडमिंटन एशिया मिश्रित टीम चैंपियनशिप 2025 में भारत को ग्रुप डी के दूसरे मैच में गुरुवार को दक्षिण कोरिया से 2-3 से हार का सामना करना पड़ा। हार के बावजूद भारतीय बैडमिंटन टीम ने ग्रुप में दूसरे स्थान रहते हुए टूर्नामेंट के क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली हैं।
आज यहां खेले गये मुकाबले में पेरिस 2024 ओलंपियन तनीषा क्रास्टो ने ध्रुव कपिला की मिश्रित युगल जोड़ी को पहले मैच में जू डोंग की और इयुन ना जियोंग से 21-11, 12-21, 15-21 से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद मालविका बंसोड़ को जिन यू सिम से सीधे गेम में हार मिली और इसी के साथ दक्षिण कोरिया ने 2-0 से बढ़त हासिल कर ली।
सतीश करुणाकरण ने जियोनीओप चो पर 17-21, 21-18, 21-19 से जीत दर्ज कर मुकाबले में वापसी की।
गायत्री गोपीचंद और त्रिशा जॉली की जोड़ी ने पहले गेम में हार का सामना करने के बाद वापसी करते हुए जी मिन किम और जंग यू किम को 19-21, 21-16, 21-11 से हराया और मुकाबले को 2-2 से बराबरी पर ला दिया। इसके बाद भारत को अब जीत दिलाने की जिम्मेदारी एमआर अर्जुन और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी की पुरुष युगल जोड़ी पर थी।
दक्षिण कोरियाई जोड़ी भारतीय खिलाड़ियों पर शुरुआत से ही हावी रही। दूसरे गेम में अर्जुन और सात्विक की वापसी के लिए किए गए कई प्रयास किये। इसके बाद योंग जिन और सेउंग सुंग ने जोड़ी ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 21-14, 25-23 से मैच जीत लिया।
