सीहोर। नपा में परिषद सम्मेलन में शहर के विकास, सड़क निर्माण, मार्गों के नामकरण और आगामी वित्तीय वर्ष के पुनरीक्षित बजट आदि पर चर्चा की गई. बैठक में एजेंडे में शामिल सभी 17 बिंदुओं पर विचार-विमर्श के बाद सभी बिंदुओं को पारित कर दिया गया.
बैठक में शुगर फैक्ट्री चौराहे से रेलवे स्टेशन तक जाने वाले मार्ग का नामकरण श्री त्यागी बाबा मार्ग करने का निर्णय लिया गया. इसी प्रकार शुगर फैक्ट्री चौराहे से लुनिया चौराहे तक के मार्ग का नामकरण लव-कुश मार्ग किया गया.नपा द्वारा अन्नपूर्णा धाम फेस-2, गजकेसरी कॉलोनी एवं उमाशंकर धाम को नपा में मर्ज किया गया है. अब इन कॉलोनियों में विद्युत संबंधी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी नपा संभालेगी. इसी तरह मंडी माता मंदिर चौराहे से नरसिंहगढ़ नाके तक सीसी रोड निर्माण कार्य, वार्ड 31 स्थित जमशेद नगर में पुल निर्माण कार्य तथा पुनरीक्षित बजट वर्ष के संबंध में विचार-विमर्श प्रमुख रूप से शामिल रहा. इसके अलावा एजेंडे के अन्य बिंदुओं पर भी चर्चा कर सभी 17 प्रस्तावों को पारित किया गया. परिषद की बैठक में निर्माण कार्यों, नागरिक सुविधाओं और विकास योजनाओं से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई. सड़क एवं पुल निर्माण जैसे प्रस्तावों का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना है. वहीं, पुनरीक्षित बजट के संबंध में चर्चा के माध्यम से नगर पालिका के आगामी वित्तीय कार्यों और विकास संबंधी आवश्यकताओं पर विचार किया गया. नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि नगर के सर्वांगीण विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना नपा की प्राथमिकता है.
