
*मेला व्यापारी संघ ने रखी मांगें: मेला की तैयारी अभी से हो, सेल्स टैक्स में छूट का निर्णय अभी हो, जांच कर शिकमी दुकानदारों पर एक्शन लें*
ग्वालियर। “सवासौ साल का गौरवशाली अतीत रखने वाले ग्वालियर व्यापार मेला का आयोजन इस वर्ष समय से हो, दुकान आवंटन से लेकर सेल्स टैक्स में पचास फीसदी छूट का निर्णय जैसी सभी प्रक्रियाएं अभी ही पूर्ण कर ली जाएं ताकि मेला आयोजन में विलंब न हो और मेला से जुड़े किसी भी बिन्दु पर असमंजश अथवा भ्रम की स्थिति न रहे। दुकान आवंटन में उन पुराने दुकानदारों को प्राथमिकता दी जाए जो कई पीढ़ियों से मेला में दुकानें लगाते आ रहे हैं।”
यह मांगें एवं सुझाव आज रात्रि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से महाराजपुरा एयरपोर्ट पर मुलाकात में ग्वालियर व्यापार मेला व्यापारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने अपने ज्ञापन पत्र में प्रस्तुत किए। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि ग्वालियर व्यापार मेला की गरिमा एवं गौरव को न सिर्फ संरक्षित किया जाएगा बल्कि वर्ष 25_26 के मेला आयोजन में इसमें और नए आकर्षक आयाम जोड़े जाएंगे।
मेला व्यापारी संघ के अध्यक्ष महेन्द्र भदकारिया एवं संयुक्त अध्यक्ष व प्रवक्ता अनिल पुनियानी ने मुख्यमंत्री डॉ यादव को भेंट किए गए ज्ञापन पत्र में कहा कि पिछले छह वर्ष से ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण विधिवत बोर्ड के गठन के बिना ही चल रहा है, अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं बोर्ड संचालकों के पदों पर अभी तक नियुक्तियां नहीं हुई हैं, इसलिए मेला प्राधिकरण का बोर्ड अतिशीघ्र गठित किया जाए। उन्होंने यह भी आग्रह किया कि वर्ष 2025_26 के ग्वालियर व्यापार मेला के सुचारू, सुविधापूर्ण आयोजन के लिए सेल्स टैक्स में पचास प्रतिशत रियायत का निर्णय अभी ही ले लिया जाए ताकि मेला व्यापारी एवं सैलानी असमंजश में न रहें।
मेला व्यापारी संघ के शिष्टमंडल ने यह भी मांग की कि ग्वालियर मेला परिसर की दुकानों पर कब्जा कर यहां अपने आशियाने बनाने वाले खानाबदोश लोगों को यहां से तत्काल बेदखल किया जाए एवं वर्ष के आठ महीने सूने पड़े रहने वाले मेला परिसर की संपत्ति की सुरक्षा के लिए कड़े कदम उठाए जाएं। सघनता एवं निष्पक्षता से जांचोपरांत शिकमी एवं फर्जी दुकानदारों की पहचान कर दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई कर ऐसे दुकानदारों को ब्लैकलिस्टेड किया जाए। मेला को लोकाकर्षक बनाने के लिए अभी से सांस्कृतिक कैलेंडर को अंतिम रूप दिया जाए।
मेला व्यापारी संघ के अध्यक्ष महेंद्र भदकारिया, संयुक्त अध्यक्ष एवं प्रवक्ता अनिल पुनियानी, अचल भदकारिया, राहुल चौहान, देवराज बघेले, रोहित भिलवार ने सीएम से चर्चा में ऑनलाइन आवंटन से पहले पीढ़ी दर पीढ़ी दुकानें लगाते आ रहे दुकानदारों का ऑडिट कर दुकान आवंटन में पुराने दुकानदारों को प्राथमिकता दिए जाने की नीति का स्वागत करते हुए यह भी अपेक्षा की कि इस पर कड़ाई से क्रियान्वयन भी हो।
*मेला व्यापारी चाहते हैं: सीएम स्वयं मेला की मॉनिटरिंग करें*
मेला व्यापारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से व्यक्तिगत रूप से अनुरोध किया कि आप खुद ग्वालियर मेला से जुड़े विषयों की स्वयं मॉनिटरिंग करें। सभी मेला व्यापारीगण ने मान. मुख्यमंत्री महोदय के द्वारा अभी तक दिए सहयोग के लिए उनके प्रति हार्दिक आभार भी जताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मेला व्यापारियों को किसी भी प्रकार की असुविधा, अभाव अथवा समस्या नहीं होने दी जाएगी। सरकार और प्रशासन प्रत्येक स्थिति में मेला व्यापारियों के साथ खड़ा है।
