
सतना ।इस वर्ष भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय खेल दिवस (मेजर ध्यानचंद की जयंती) का तीन दिवसीय आयोजन 29 अगस्त से 31 अगस्त तक पूरे देश में करने का निर्णय लिया गया है। इसी क्रम में सतना के सांसद गणेश सिंह द्वारा आगामी 31 अगस्त को दादा सुखेंद्र सिंह स्टेडियम जवाहर नगर सतना में राष्ट्रीय खेल दिवस का विशेष आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन में जिले में कार्यरत खेल संगठनों के पदाधिकारियों, खेल विशेषज्ञों, खेल प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों तथा जिले के श्रेष्ठ खिलाड़ियों को आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम में खेल संवाद प्रतिभाओं का सम्मान तथा प्रदर्शन मैच का आयोजन किया जायेगा।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए सांसद गणेश सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस के कार्यक्रम के दौरान ही सांसद खेल महोत्सव के आयोजन की घोषणा की जावेगी जिसके पंजीयन का कार्य 31 अगस्त से ही प्रारंभ होकर 15 सितंबर तक निःशुल्क होंगे। सांसद खेल महोत्सव में इस वर्ष कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, फुटबॉल, तथा एथलेटिक्स सहित पांच खेल विधाओं को शामिल किया गया है। खेल विशेषज्ञों के साथ एक वृहद बैठक का आयोजन कर कार्यक्रम को अंतिम स्वरूप प्रदान किया जा रहा है। बैठक में उपस्थित खेल विशेषज्ञों से आयोजन को लेकर तमाम तरह की चर्चाएं हुई। जिसमें यह तय किया गया कि इस बार हर जनपद क्षेत्र से टीमों को आमंत्रित किया जायेगा। शहरी क्षेत्र में नगर परिषद की टीम तथा नगर निगम में पांच वार्डो की संयुक्त टीम शामिल की जाएंगी। सभी टीमों के पंजीयन ऑनलाइन तथा ऑफलाइन दोनों तरह से निःशुल्क किए जाने की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक विकासखंड मुख्यालय में ऑफलाइन पंजीयन की व्यवस्था रहेगी। सांसद गणेश सिंह ने स्पष्ट किया कि इस बार सभी खेलों का आयोजन दादा सुखेंद्र सिंह स्टेडियम जवाहर नगर में एक साथ किया जायेगा।
